रोहतक - पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के भतीजे सुखविंद्र हुड्डा की शादी में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सहित कई प्रदेशों के सीएम, राज्यपाल व अन्य दिग्गज नेता भी पहुंचे। सुरक्षा के चलते सभी वीआईपी मेहमान 15 मिनट के अंतराल में समारोह में पहुंचे। सुबह 11 बजे शादी समारोह शुरू हुआ। सवा एक बजे सबसे पहले उपराष्ट्रपति आये और वर-वधू को आशीर्वाद दिया। इसके बाद नेताओं के आने का सिलसिला शुरू हुआ।
करीब डेढ़ बजे पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ताज पैलेस पहुंचे। इसी दौरान गृहमंत्री राजनाथ सिंह भी पहुंचे। पौने दो बजे कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी समारोह पहुंचे। दो बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर सुखविंद्र हुड्डा व वधू मल्लिका को आशीर्वाद दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब बीस मिनट तक समारोह में रहे। वे कई कांग्रेस नेताओं से भी मिले। उन्होंने भोजन नहीं किया, क्योंकि नवरात्र के कारण उनके उपवास चल रहे हैं। सवा दो बजे प्रियंका गांधी पहुंची। वे करीब एक घंटे रहीं। वे कई रस्मों में शामिल हुईं।
पहले से ही वीवीआईपी लोगों की सुरक्षा का शेड्यूल तैयार था। प्रोटाकॉल के चलते सभी नेताओं के आगमन में 15 मिनट का अंतराल रखा गया। ढाई बजे राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी पहुंचे। राष्टपति भी करीब बीस मिनट तक रहे और वर-वधू को बधाई दी। शाम तक ताज पैलेस में कई प्रदेशों के सीएम व केंद्रीय मंत्रियों का आना-जाना लगा रहा है। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा व सांसद दीपेंद्र हुड्डा पैलेस के मुख्य गेट पर मेहमानों का स्वागत कर रहे थे। वीआईपी मेहमानों के चलते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे। शादी में रोहतक और सोनीपत से भी काफी संख्या में लोग विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे थे।