पंचकूला - हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अश्विन नवरात्र मेला के प्रथम नवरात्र पर श्री माता मनसा देवी मंदिर में मां के दर्शन किए व प्रदेशवासियों की सुख शांति एवं समृद्धि के लिए यज्ञ शाला में पूजा-अर्चना कर हवन में आहुति दी। इस मौके पर काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी मां के दर्शन किए व जयकारे लगाए। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि प्राचीन समय से भारतीय परंपरा अनुसार नवरात्र को पवित्र दिन माना गया है। श्री माता मनसा देवी में इस दौरान देश व प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से लाखों श्रद्धालु मनोकामना के लिए यहां आकर मां के दर्शन करते हैं।
उन्होंने कहा कि इस स्थल पर कदम रखते ही मन में भी धार्मिक एवं श्रद्धा का भाव उत्पन्न होने लगता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता पूरे वर्ष उत्साह व उमंग के साथ अपनी पारिवारिक जिम्मेदारियों का निवर्हन करते हुए प्रदेश के विकास में भागीदार बने। जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं को हरसंभव सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए सभी तैयारियां की गई हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में बोर्ड की ओर से बनाए गए मुंडन घाट व मनसा सरोवर का उद्घाटन किया व स्ट्रांग रूम का अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि इस स्ट्रांग रूम को रिजर्व बैंक आफ इंडिया के नोर्म्स के अनुसार तैयार किया गया है।
इसके बनने से श्री माता मनसा देवी मंदिर में चढ़ावे को सुरक्षित रखा जा सकेगा। उन्होंने बताया कि मुंडन घाट के बनने से श्रद्धालुओं को बच्चों को मुंडन कराने में परेशानी नहीं आएगी। मनसा सरोवर के पानी को रिसाइकलिंग द्वारा दोबारा प्रयोग करने की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं आयुष विभाग की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इन विभागों की ओर से आयोजित इस प्रदर्शनी में मुख्य रूप से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ थीम रखा गया है। इसके अलावा बच्चों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी प्रदर्शित की गई है।