चंडीगढ़ - हरियाणा के खान भू-विज्ञान एवं अक्षय ऊर्जा विभाग के राज्य मंत्री नायब सैनी ने कहा कि वर्तमान सरकार ने खनन के ठेकों में पारदर्शिता लाने और भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए बड़ी खनन इकाइयों व ब्लॉकों के ठेके देने की बजाय छोटी खनन इकाइयों व ब्लॉकों को ठेके पर देने का महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णय लिया जबकि खनन इकाईया बंद होने का एक कारण पूर्व सरकार की गलत नीतियां थी।
राज्य मंत्री आज नारायणगढ़ में लोगों की जनसमस्याएं सुन रहे थे। जब उनके सामने क्षेत्र के माइनिंग से जुड़े स्टोन क्रैशर एवं वाशिंग प्लांट संचालको ने अपनी समस्या व मांगे रखी तो उन्होंने कहा कि जल्द ही नारायणगढ़ क्षेत्र में भी माइनिग खोली जाएगी।
राज्य मंत्री ने लोगों को नवरात्रों तथा महाराजा अग्रसेन जयन्ती की हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि खनन उद्योग के साथ रोजगार जुड़ा हुआ है और सरकार इस ओर ध्यान दे रही है ताकि जनता को राहत मिले। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार लोगों की समस्याओं का समाधान तत्परता से कर रही है और कार्यकर्ता भी लोगों की समस्याओं के समाधान करवाने व योजनाओं का लाभ दिलवाने में पात्र लोगों का सहयोग करें। जानकारी के अभाव में लोग योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में वर्ष 2020 तक चार सौ मेगावाट के सोलर पावर प्लांट स्थापित करने की योजना है। ये प्लांट पंचायती भूमि, नहरों के किनारों तथा हरियाणा बिजली उत्पादन निगम के पास उपलब्ध भूमि और छतों के ऊपर लगाए जाएंगे। उन्होने बताया कि वर्ष 2016-17 तक ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बिजली वितरण प्रणाली को मजबूत करने के लिए लगभग 5500 करोड़ रुपये की एक समेकित योजना तैयार की गई है।