चंडीगढ़ - मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में हरियाणा सरकार राज्य में पारदर्शिता के लिए सूचना तकनीक का सही उपयोग कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डिजिटल इंडिया की कल्पना सबसे पहले हरियाणा में साकार होगी, क्योंकि हरियाणा आज सूचना तकनीक को सुशासन के लिए उपयोग करने में देशभर में आगे है।
हरियाणा व पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी ने यह बात हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की उपस्थिति में हरियाणा राजभवन की वैबसाइट के शुभारंभ अवसर पर कही। उन्होंने कहा कि अब कोई भी व्यक्ति वेबसाइट के माध्यम से राजभवन के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकता है। राज्यपाल ने कहा कि वर्तमान समय में सूचना तकनीक आदमी में पारदर्शिता और दिमाग के खुलेपन को विकसित कर रही है। यह दोनों गुण समाज के अस्तित्व के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा वहीं है जो व्यक्ति को समाज में एडजस्ट होना सिखाती है।
उन्होंने कहा कि यदि हम समाज में सुधार चाहते हैं और अच्छा लोकतंत्र चाहते हैं तो हमारा दिमाग खुला होना चाहिए और साथ ही जब हम समाज में जाएं तो पूर्ण पारदर्शिता के साथ जाएं। यही बात व्यक्ति के अलावा हर संस्थाए विभाग व सरकार पर भी लागू होती है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि सुशासन प्रदान करना, पारदर्शिता लाना और भ्रष्टाचार समाप्त करना उनकी सरकार का संकल्प है।
यह काम सूचना तकनीक के माध्यम से अधिक कारगर ढंग से हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस तकनीक के माध्यम से सरकार को हर व्यक्ति के घर-द्वार तक पहुंचना सरल हो गया है। इसलिए हरियाणा में ग्राम सचिवालय बनाए गए हैं, जहां से ग्रामीण अपनी हर समस्या व आवश्यकता सरकार व प्रशासन तक पहुंचा सकते हैं। राज्यपाल की सचिव नीलम पी. कासनी ने सभी अतिथियों का स्वागत व धन्यवाद किया।