जींद - स्कूल व कॉलेज की छात्राओं से बसों में आने-जाने के दौरान होने वाली छेड़छाड़ की घटनाओं की रोकथाम के लिए मंगलवार को पुलिस सडक़ों पर उतरी। डीएसपी ममता सौदा के नेतृत्व में इस दौरान हरियाणा रोडवेज व प्राइवेट बसों में सर्च अभियान चलाया गया। अभियान के तहत कई ऐसे कॉलजे के आसपास युवकों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। डीएसपी के मुताबिक ऐसे युवकों को सचेत किया गया है, अगर वे आगे भी इस तरह की घटनाओं में लिप्त मिले तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
इस दौरान गोहाना रोड, रोहतक रोड और हांसी रोड पर लगभग एक दर्जन बसों को रुकवाकर कॉलेज व स्कूलों में आने वाली छात्राओं से बातचीत की गई और उनसे पूछा गया कि उनके साथ किसी प्रकार की कोई छेड़छाड़ जैसी घटना तो नहीं होती, अगर ऐसा है तो वे महिला पुलिस को शिकायत करें तथा ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके। गोहाना रोड पर हरियाणा रोड़वेज की बस के ड्राइवर ने बताया कि कई शरारती तत्व इतना ज्यादा हुड़दंगबाजी करते हैं कि हम भी शर्मिंदा हो जाते हैं।
उन्हें कहें तो हम ही उनकी गाली गलौज का शिकार हो जाते हैं। परंतु अब पूरी उम्मीद है कि महिला पुलिस के इस अभियान से जरूर असामाजिक तत्वों पर लगाम कसी जाएगी। वहीं, पिंडारा गांव निवासी जगदीश सिंह व सुरेन्द्र पहल ने कहा कि शरारती युवा बसों में चढक़र किलकारियां मारते हैं और लड़कियों पर फब्तियां कसते हैं। पुलिस को मामले को गंभीरता से लेकर इन असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।