शिमला - हिमाचल कांग्रेस विधायक दल ने शुक्रवार सुबह नौ बजे कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। वरिष्ठ मंत्री विद्या स्टोक्स के नेतृत्व में हुई इस मुलाकात का भले ही समय कम रहा, मगर पांच मिनट में ही मैडम ने पूरे विधायक दल को एकजुटता की घुट्टी पिलाते हुए मुख्यमंत्री के पीछे चलने की सीख दी। सूत्रों के मुताबिक उन्होंने यह भी कहा कि अफवाहों से बचना चाहिए।
उन्होंने उन लोगों को भी फटकार लगाई, जो इस मौके को कैश करने की जुगत में हैं। सोनिया गांधी ने यह सीख भी दी कि केंद्र सरकार कांग्रेस शासित राज्यों पर निशाने साध रही है। लिहाजा यह समय है कि कांग्रेस एकजुटता का प्रदर्शन करे और ऐेसे नापाक इरादों को सिरे न चढऩे दिया जाए। मुलाकात के दौरान परिवहन मंत्री जीएस बाली व कुछ विधायक मौजूद नहीं थे। जीएस बाली एचआरटीसी के स्थापना दिवस समारोह के लिए शिमला पहुंच गए थे, जबकि सूत्रों का कहना है कि दो-तीन और विधायक आलाकमान से मुलाकात के दौरान वहां मौजूद नहीं थे।
इस दौरान विधायक दल ने पार्टी आलाकमान का इस विकट स्थिति में प्रदेश नेतृत्व के साथ खड़े रहने पर आभार व्यक्त किया, वहीं उन्हें यह आश्वासन भी दिया कि पूरा विधायक दल साथ मिलकर एकजुटता का प्रदर्शन करता रहेगा। इससे पूर्व गुरुवार को कई नेताओं ने सोनिया के राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल व पार्टी मामलों की प्रभारी अंबिका सोनी से भी मुलाकात की थी।