रेवाड़ी - जिला के गांव गढ़ी बोलनी स्थित एक पेट्रोल पम्प पर सशस्त्र बदमाशों ने बीती रात धावा बोलकर सेल्समैन से 65 हजार रुपये लूट लिये। उन्होंने सेल्समैन की जमकर पिटाई की और लहूलुहान करने के बाद पम्प कार्यालय में बंद करके फरार हो गये। जाते-जाते वे उसका मोबाइल फोन व एटीएम कार्ड भी ले गये।
बाइक पर सवार होकर आये इन बदमाशों की संख्या 3 थी। कसौला थाना के तहत गढ़ी बोलनी के निकट बलबीर फिलिंग स्टेशन नामक पेट्रोल पम्प पर सेल्समैन सत्यप्रकाश निवासी गांव लिलोढ़ बीती देर रात जब सोया हुआ था तो बाइक पर सवार होकर 3 बदमाश वहां आये और उन्होंने सीधे सत्यप्रकाश की कनपटी पर पिस्तौल तान दी। सत्यप्रकाश के पास दिनभर की बिक्री के 65 हजार रुपये जेब में रखे हुए थे। रुपये देने में जब सत्यप्रकाश ने आनाकानी की तो उसे बंधक बनाकर बुरी तरह से पीटा और उसकी जेब से 65 हजार रुपये निकाल लिये।
वे उसका मोबाइल फोन व एटीएम कार्ड भी ले गये। हैरानी की बात यह है कि सत्यप्रकाश का सहकर्मी बीमार होने के कारण पम्प परिसर में ही सोया हुआ था। लेकिन उसे इस वारदात की भनक तक नहीं लगी। सुबह 6 बजे जब डीजल लेने के लिए ट्रक वहां पहुंचे तो चालकों ने पम्प पर सन्नाटा पाया। उन्होंने जब कार्यालय को खोला तो अंदर से सत्यप्रकाश को निकाला और इसकी सूचना पम्प मालिक बलबीर सिंह को दी।
सूचना पाकर कसौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। थाना प्रभारी अर्जुन सिंह राठी ने कहा कि पम्प पर लगे सीसीटीवी कैमरे को कब्जे में लेकर साक्ष्य जुटाये जा रहे हैं और बदमाशों का शीघ्र ही सुराग निकाल लिया जाएगा। बृहस्पतिवार शाम को बदमाशों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया गया है।