चंडीगढ़ - प्रदेश सरकार ने फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र को राज्य में पर्यटन विभाग का ब्रांड एम्बेसडर बनने की पेशकश की है। बृहस्पतिवार को राज्य के पर्यटन व शिक्षा मंत्री प्रो़ रामबिलास शर्मा के साथ धर्मेंद्र ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने राज्य में पर्यटन सहित दूसरे विभागों की परियोजनाओं की जानकारी ली। शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ अन्य सामाजिक कार्यों में धर्मेंद्र की सेवा ले सकती है।
उन्होंने कहा कि राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिये बड़ी परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। एक ओर जहां केंद्र सरकार की अंतरराष्ट्रीय कृष्णा सर्कट के तहत कुरुक्षेत्र से यमुनानगर के आदिब्रदी तक पर्यटन की योजनाएं बनाई जा रही हैं। वहीं कालका से कलेसर तक ईको टूरिजम को बढ़ावा देने की एक व्यापक परियोजना भी तैयार की जा रही है। इसके अलावा भारतीय संस्कृति की पहचान सरस्वती नदी का उदगम स्थल भी यमुनानगर जिले में मिला है, जिसको सरकार ने सरस्वती हैरिटेज बोर्ड का गठन कर एक यादगार स्थल के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है।
शर्मा ने बताया कि हरियाणा में अरावली क्षेत्र व राजस्थान के शेखावटी की हवेलियों की तर्ज पर महेन्द्रगढ़ जिले के माधोगढ़ किले को भी हेरिटेज टूरिस्ट के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके साथ ही चमन ऋषि की तपोभूमि ढोसी का पहाड़ को भी पर्यटन के साथ जोड़े जाने का प्रस्ताव है।
उन्होंने कहा कि नारनौल व रेवाड़ी की बावडय़िों का भी जीर्णोद्धार कर उन्हें पर्यटकों के लिए नये रूप में विकसित किया जा रहा है। इस अवसर पर हरियाणा के कृषि मंत्री ओपी धनखड़, मुख्य सचिव डीएस ढेसी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजीव कौशल, पंचकूला के एमएलए ज्ञानचंद गुप्ता और माध्यमिक शिक्षा विभाग के निदेशक एमएल कौशिक भी उपस्थित थे।