रोहतक, 12 मार्चः हरियाणा प्रदेश क्रिकेट लीग का रंगारंग आगाज 13 मार्च से रोहतक के ऐतिहासिक महाराजा अग्रसेन स्टेडियम में होगा। इस प्रतियोगिता का शुभारंभ भारतीय हॉकी टीम की कप्तान पूनम मलिक करेंगी। इस दौरान प्रदेश भर से विभिन्न दलों के राजनेता, समाजसेवी व गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे। राह ग्रुप, मेक-वे इंडिया व सर छोटूराम युवा क्लब बेरी के तत्वाधान में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में हरियाणा प्रदेश से 12 टीमें भाग लेगी।
प्रतियोगिता में विजेता टीम को डेढ़ लाख नकद व ट्राफी प्रदान की जाएगी। दूसरा स्थान प्राप्त करने वाली टीम को एक लाख रुपये नकद व ट्राफी प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को मोटरसाईकिल ईनाम में दिया जाएगा। छह दिवसीय इस प्रतियोगिता में एचपीएल में रोहतक राईडर, सिरसा चैलेंजर, झज्जर जेट, पानीपत लांयस, भिवानी फाईटर, महेंन्द्रगढ़ टाईगर, हिसार किंग इलेवन, फतेहाबाद रॉयल, यमुनानगर हीरोज, गुडग़ांव स्टार, रेवाड़ी वॉरियर, जींद चैम्पियंस के नाम से टीमें हिस्सा लेंगी।
विभिन्न मैचों का दूरदर्शन पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। आईपीएल की तर्ज पर हो रही इस प्रतियोगिता में हरियाणवीं कलाकारों के अलावा फैशन-शो के माध्यम से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन होगा। दर्शकों के मंनोरंजन में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। प्रतियोगिता के दौरान हरियाणा की राजनीति, खेल व फि ल्मी जगत के कई चेहरे नजर आएंगे। प्रतियोगिता के शुभांरभ पर हरियाणवीं व हिन्दी संस्कृति पर आधारित कई नृत्य भी प्रस्तुत किए जाएंगे वहीं प्रतियोगिता के समापन अवसर 18 मार्च को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम किया जाएगा।