चंडीगढ़ - हरियाणा पर्यटन विभाग द्वारा 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेश के सभी पर्यटन परिसरों में पर्यटकों और आगंतुकों को 26 से 28 सितंबर, 2015 तक विशेष छूट दी जा रही है। पर्यटन विभाग की प्रधान सचिव डा. सुमिता मिश्रा ने कहा कि विभाग द्वारा इन दिनों के दौरान हरियाणा के किसी भी पर्यटन परिसर में आने वाले अतिथियों को भोजन और रिहायशी सुविधा पर दस प्रतिशत की छूट दी जाएगी। इसके अलावा, 27 सितंबर को विशेष प्रतियोगिताओं की एक श्रृंखला का भी आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विश्व पर्यटन दिवस रंगारंग बनाने के लिए पर्यटन परिसरों को स्वागत बैनरों से सजाया जाएगा और विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर विद्यार्थियों में टॉफियां भी बांटी जाएंगी। वर्ल्ड ट्रैवल एंड टूरिज्म काउंसिल का अनुमान है कि आगामी लगभग दस वर्षों में भारतीय पर्यटन की मांग 8-8 प्रतिशत वार्षिक की दर से बढ़ेगी जोकि विश्व में उच्चतम है। हरियाणा पर्यटन निगम के प्रबंध निदेशक विकास यादव ने बताया कि मौजूदा ढ़ांचे के उन्नयन और अंतरराष्ट्रीय तथा घरेलू पर्यटन बाजार में इसका हिस्सा बढ़ाने के लिए हरियाणा को अति पसंदीदा गन्तव्य के रूप में प्रोत्साहित करने पर विशेष बल दिया जा रहा है।
हरियाणा पर्यटन ने भारत में फार्म टूरिज्म की परिकल्पना शुरू करने की पहल की है। विभाग द्वारा हरियाणा में 14 फार्म मालिकों की भागीदारी से हरियाणा और दिल्ली के आस-पास के इन चुनिंदा फार्मों में पेश की जा रही ग्रामीण अनुभूति को बड़े जोरदार ढंग़ से प्रोत्साहित किया जा रहा है। हरियाणा पर्यटन ने पानीपत, फरीदाबाद, कुरुक्षेत्र, रोहतक और यमुनानगर में देश के प्रमुख होटल प्रबंधन संस्थानों (आईएचएमएस) की स्थापना की है।