शिमला- हिमाचल पथ परिवहन निगम में महिला ड्राइवरों की भर्ती के लिए विशेष अभियान चलेगा। यह अभियान पूरे प्रदेश में चलाया जायेगा ताकि परिवहन निगम में अधिकाधिक महिला ड्राइवरों को जोड़ा जा सके। ये बात परिवहन मंत्री जीएस बाली ने आज शिमला में एक पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने इस मौके पर परिवहन निगम के 119 रूटों के लिए सिल्वर कार्ड नामक नयी योजना जारी करने की भी घोषणा की। दस रुपये के इस सालाना सिल्वर कार्ड पर यात्रियों को चिह्नित रूटों पर किराये में तीस प्रतिशत की छूट मिलेगी। इसमें से 51 रूट परिवहन निगम के धर्मशाला डिविजन, 15 मंडी, 23 हमीरपुर और 30 शिमला डिविजन में होंगे।
जीएस बाली ने कहा कि परिवहन निगम में बीस साल का कार्यकाल पूरा कर चुके कंडक्टरों को निगम ने दो अतिरिक्त वेतन वृद्धियां देने का निर्णय लिया है जबकि निगम के कर्मचारियों की अन्य देनदारियों के लिए 50 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं, जिनमें से 20 करोड़ रुपए की पहली किस्त जारी कर दी गयी है और शेष राशि अगले पंद्रह दिनों में जारी कर दी जायेगी। इस राशि से निगम के कर्मचारियों की 2013 से अभी तक की सभी देनदारियां पूरी हो जायेंगी।