टीहरा (बिलासपुर) - टीहरा सुरंग में मलबे के बीच पिछले 192 घंटे से भी ज्यादा समय से जिंदगी से जंग लड़ रहे मंडी के मणिराम व सिरमौर के सतीश तोमर की मंजिल बार-बार पास आकर भी दूर खिसक रही है। शनिवार रात आधुनिक मशीन में तकनीकी खराबी आ गई तो रविवार को दिन भर मौसम का बिगड़ैल मिजाज खलनायक बना रहा। बावजूद इसके रेस्क्यू आपरेशन युद्धस्तर पर चल रहा है। प्रशासन का दावा है कि यदि सब ठीक रहा तो सोमवार को सुरंग की कैद से मजदूर आजाद हो सकेंगे।
जानकारी के मुताबिक शनिवार देर रात पहाड़ी के अंदर सुरंग में किए जा रहे होल के लिए बोरिंंग कर रही आधुनिक मशीन में आई तकनीकी खराबी की वजह से रविवार शाम तक भी होल का कार्य शुरू नहीं हो सका। देर शाम खबर लिखे जाने तक पानी निकालने का कार्य जोरों पर चल रहा था। अहम बात यह है कि पानी निकलने के बाद ही केजिंग पाइपलाइन डालने का काम हो सकेगा। सूत्रों ने बताया कि सोमवार सुबह तक केजिंग पाइप डालने का काम शुरू हो पाएगा और इस काम के पूरा होने पर ही एनडीआरएफ के हवाले रेस्क्यू आपरेशन होगा।
इसके लिए टीम इंतजार कर रही है और दिन में काफी समय तक टीमों ने मॉकड्रिल भी किया। वहीं बोरिंग मशीन में बार-बार आ रही खराबी से परेशान जिला प्रशासन भगवान की शरण में भी पहुंचा। जिलाधीश बिलासपुर ने होल कर रही मशीन के पास हवन-यज्ञ कराया और बिना किसी विघ्न्न कार्य पूरा होने की कामना की।