गुडग़ांव - एक्सप्रेस वे पर शनिवार रात 4 अज्ञात लोगों ने 24 वर्षीय एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में परिजनों की शिकायत पर 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इस मामले में एक युवक को हिरासत में भी लिया गया है। मृतक मोहित हजकां नेता राजेश वाल्मीकि का बेटा था।
मूल रूप से गुडग़ांव गांव के रहने वाले राजेश वाल्मीकि का 24 साल का बेटा मोहित अपने दो दोस्तों के साथ शनिवार रात करीब साढ़े 10 बजे कहीं जा रहा था। रास्ते में वह सेक्टर 31 फ्लाईओवर से कुछ दूर अपनी बोलेरो रोककर लघुशंका के लिए उतरा था तभी पीछे से आई एक स्विफ्ट कार में सवार 4-5 युवकों ने उसके ऊपर फायरिंग करनी शुरू कर दी। गोली लगते ही सडक़ पर गिरे मोहित को उसके दोस्तों ने अस्पताल पहुंचाया। लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल शुरू कर दी। मृतक के परिजनों के बयान पर पुलिस ने करीब 12 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर एक युवक को हिरासत में ले लिया। हजकां नेता राजेश वाल्मीकि के अनुसार रंजिशन उनके बेटे की हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि कुछ समय पूर्व भी रात के समय स्विफ्ट कार से बदमाश उनके पटौदी स्थित कार्यालय पर पहुंचे थे, लेकिन वह उस समय ऑफिस पर मौजूद नहीं थे। पुलिस सूत्रों की मानें तो सूअर पालन का कार्य करने वाले राजेश वाल्मीकि की इसी पेशे से जुड़े कई लोगों से तनातनी थी। इसी के चलते रंजिशन किसी ने उनके बेटे पर हमला किया है। एसीपी राजेश कुमार का कहना है कि कुछ सुराग हाथ लगे हैं। उन पर काम किया जा रहा है। शीघ्र ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।