गुडग़ांव - शनिवार देर शाम राजीव चौक फ्लाईओवर से छलांग लगाने वाली युवती ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतका का पोस्टमार्टम करवाकर शव को परिजनों के हवाले कर दिया है। परिजनों ने पुलिस के समक्ष बयान दिया है कि मृतका डिप्रेशन में थी। इसके चलते उसने यह कदम उठाया है। राजीव चौक के पास स्थित कॉलोनी राजनगर की रहने वाली 24 साल की मनप्रीत कौर डीएलएफ एरिया स्थित एक कॉल सेंटर में नौकरी करती थी। बताया जाता है कि वह टेलीकॉलर के तौर पर कार्यरत थी।
शनिवार की शाम जब वह ड्यूटी से वापस लौट रही थी तो वह फोन पर बात कर रही थी। बताया जाता है कि इसी बीच उसने फ्लाईओवर से छलांग लगा दी। इस हादसे में वह गंभीर घायल हो गई थी। बाद में इलाज के दौरान देर रात उसने दम तोड़ दिया। 24 साल की मनप्रीत की शादी नहीं हुई थी। जिस समय वह फ्लाईओवर से कूदी उस समय वह फोन पर बात कर रही थी। फ्लाईओवर से छलांग लगाने से पूर्व उसने अपना पर्स और मोबाइल फ्लाईओवर पर ही गिरा दिया था। प्रत्यक्षदर्शी बताते हैं कि छलांग लगाने से पूर्व करीब 10 मिनट से वह फोन पर ही बात कर रही थी। ऐसे में पुलिस द्वारा मोबाइल की कॉल डिटेल नहीं खंगालना संदेहास्पद है। माना जा रहा है कि मनप्रीत की मौत का सच मोबाइल की कॉल डिटेल में छिपा है।