पंचकूला - विवादों के चलते 2009 में खुला पंचकूला का पहला शॉपिंग मॉल ‘शालीमार’बंद हो गया है। मॉल बंद होने के साथ ही 7 साल से चल रहा मूवीज और फूड कोर्ट सेक्शन भी बंद हो गया। हालांकि मॉल के निदेशक (सेल्स) इन्नत अग्रवाल का कहना है कि रखरखाव के कारण यह बंद हुआ है और जल्द ही इसे दोबारा खोलने के प्रयास किये जायेंगे। इस सप्ताह नगर निगम ने मॉल की एनओसी अटैच की बल्कि इसके द्वारा प्रॉपर्टी टैक्स के 4 करोड़ रुपये नहीं चुकाये जाने पर भी आपत्ति जतायी थी।
इस मुद्दे पर निदेशक का कहना है,’हमने सबसे पहले 2014 तक सभी टैक्स जमा करा दिये थे। अगर उन्हें लगता है कि मैं डिफाल्टर हूं तो उन्हें यह मुद्दा उठाना चाहिए था, लेकिन वे हमारी एनओसी क्यों अटैच कर रहे हैं।’मॉल के 2 प्रतिनिधि आज इस मुद्दे पर मेयर उपेंद्र कौर आहलूवालिया से भी मिले और उनसे आग्रह किया वे मॉल को सील न करें और उन्हें थोड़ा समय और दें। शॉपिंग मांग 2009 में खुलने के बाद से ही विवादों में रहा और इसी कारण इसमें बनी 100 दुकानें खाली पड़ी रहीं।
इस साल लाखों का बिल पेंडिंग होने की वजह से बिजली विभाग ने मॉल की बिजली सप्लाई भी काट दी थी। मॉल का मूवी सेक्शन तभी से जेनरेटर से चलाया जा रहा था। इसी साल जून में मॉल मालिक और 11 अन्य के खिलाफ दुकान मालिकों की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। उन्होंने 70 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। उनका आरोप था कि पैसा देने के बावजूद उन्हें दुकानों का कब्जा नहीं दिया गया।