मंडी - मंडी शहर के साथ ही एनएच-21 पर बिंद्रावणी में गुरुवार को ब्यास में नहा रहे एक निजी बहुतकनीकी संस्थान के तीन छात्र नदी में बह गए। हालांकि खबर लिखे जाने तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई थी कि कितने छात्र बहे हैं, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीन युवक ब्यास में नहा रहे थे और अचानक पानी आने के कारण बह गए। हालांकि यह भी बताया जा रहा है कि इनमें से एक युवक बचने में सफल रहा है, लेकिन घटना के बाद से वह युवक भी लापता है।
उधर, दोपहर बाद हुई इस घटना की सूचना मिलने के बाद मंडी प्रशासन ने ब्यास में सर्च अभियान शुरू कर दिया है, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई छात्र नहीं मिल पाया था। सर्च आपरेशन में पुलिस के साथ दमकल विभाग के कर्मी भी लगे हुए थे। तलाशी के दौरान हादसे की जगह से एक युवक की पैंट मिली है, जिसमें उसका आधारकार्ड व सुंदरनगर क्षेत्र के एक निजी बहुतकनीकी संस्थान की फीस रसीद मिली है। तीनों युवक इस निजी बहुतकनीकी संस्थान के छात्र बताए जा रहे हैं।
जिस युवक का आधारकार्ड मिला है, उसे निजी बहुतकनीकी संस्थान प्रबंधन ने अपना प्रशिक्षु मान लिया है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को पंडोह डैम से 3500 क्यूसिक पानी छोड़ गया था। इससे नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था। उधर, पुलिस अधीक्षक मंडी प्रेम ठाकुर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडी केसी राणा भी काफी देर तक घटना स्थल पर मौजूद रहे। थाना प्रभारी चेत सिंह भंगालिया ने बताया कि सर्च आपरेशन जारी है। जिस छात्र का आधार कार्ड मिला है, उसके परिजनों को अवगत करवा दिया गया है