चण्डीगढ़, 9 मार्च- कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि रेल कोच फैक्टरी के लिए आंध्र प्रदेश व उत्तर प्रदेश जैसे अनेक राज्य प्रयासरत थे, ऐसे में जनसंख्या के हिसाब से छोटे प्रदेश हरियाणा को रेल कोच फैक्टरी मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
सांसद हुड्डा आज जिला सोनीपत में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। सांसद ने आज गांव आहुलाना में कबड्डी प्रतियोगिता बाद में गोहाना में रघबीर पहलवान अखाड़ा के कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में युवाओं, वृद्धों और महिलाओं ने भाग लिया। सांसद का सभी गांव में भव्य स्वागत हुआ, जिससे सांसद भी अभिभूत दिखे और उन्होंने जनसमस्याओं को निपटाने में काफी रूचि दिखाई।
सांसद हुड्डा ने कहा कि रेल कोच फैक्टरी से प्रदेश के युवाओं को रोजगार ही नहीं मिलेगा, बल्कि प्रदेश के औद्योगिक विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि 80 एवं 42 सांसदों वाले उत्तर प्रदेश व आंध्र प्रदेश हमसे कहीं बड़े प्रदेश हैं। लेकिन प्रदेश की जनता के प्रति लगाव के चलते ही यह प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थान हमे मिल पाया। रेल कोच फैक्टरी लगने से प्रदेश की जनता की 40 वर्ष पूरानी मांग पूरी हुई है। नई रेल कोच फैक्टरी 400 एकड़ में स्थापित होगी और इसमें हजारों करोड़ रुपये का सीधा निवेश होगा। यह हमारे लिए गर्व की बात है कि रायबरेली और कपूरथला के बाद देश की सबसे बड़ी रेल कोच फैक्टरी हरियाणा को मिली है। जिससे पूरे प्रदेश को लाभ मिलेगा।
सांसद हुड्डा ने कहा कि इससे पहले भी प्रदेश को रेल कोच फैक्टरी मिली थी, लेकिन किसी कारणवश वह कपूरथला चली गई। उन्होंने कहा कि रेल कोच फैक्टरी के कपूरथला लगने से पंजाब के एक बहुत बड़े हिस्से को फायदा हुआ, क्योंकि रेल कोच फैक्टरी के साथ-साथ वहां अनेक उद्योग स्थापित हुए जो कपूरथला की रेल कोच फैक्टरी को माल स्पलाई करते हैं। जिससे कपूरथला क्षेत्र एक औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित हो गया। इसी प्रकार सोनीपत में लगने वाली रेल कोच फैक्टरी से प्रदेश के एक बड़े हिस्से को सीधा और पूरे प्रदेश को अप्रत्यक्ष रूप से फायदा होगा।
एक विपक्षी नेता द्वारा रेल कोच फैक्टरी को प्रदेश से बाहर जाने संबंधी आरोप के संदर्भ में एक प्रश्न के उत्तर में दीपेंद्र ने कहा कि रेल कोच फैक्टरी को हम प्रयास करके प्रदेश में लाए हैं और जब तक हम लोग लोकसभा में सांसद हैं रेल कोच फैक्टरी को कोई नहीं हिला सकता।
गांव कतलुपुर में सामाजिक संस्था वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब द्वारा आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दीपेंद्र ने वरिष्ठ नागरिकों के उत्साह व जोश की प्रशंसा की। उन्होंने स्थानीय मांगों का जिक्र करते हुए गांव को दिल्ली से सीधा जोड़ने की मांग का समर्थन किया और इस संदर्भ में प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
प्रख्यात टीवी सीरियल अभिनेत्री मेघना मलिक ने कहा कि उन्हें हरियाणा की बेटी होने पर गर्व है और उन्हें खुशी है कि हरियाणवी भाषा उनके सीरियल के माध्यम से दूर दूर तक पहुंच पाई। जिसके कारण बच्चे भी हरियाणवी भाषा बोलने व सीखने में रूचि दिखा रहे हैं। समाजसेवी किरण चोपड़ा ने कहा कि दीपेंद्र हुड्डा में अपने स्वाधिनता सैनानी दादा व पिता के संस्कार है। वैसे तो मेरा मानना है कि राजनीति में वंशवाद नहीं होना चाहिए, लेकिन दीपेंद्र की काबलियत व प्रतिभा को देखकर, मैं कहती हूं कि दीपेंद्र जैसे लोगों के लिए वंशवाद होना चाहिए।
इस अवसर पर मुख्यसंसदीय सचिव जयवीर खरखौदा, विधायक कृष्ण हुडडा, जगबीर सिंह मलिक, दादा बलजीत, पूर्व मंत्री वेद सिंह मलिक, विनाद धनखड़, कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप गौतम, कांग्रेस नेता अर्जुन दहिया, सुरेंद्र शर्मा, जोगेंद्र दहिया, मनोज रिढाऊ, परमिन्द्र जोली, जंगशेर नूरनखेड़ा, रवि इन्दोरा, बंसी बाल्मीकि, बाहरा प्रधान मलिक राज मलिक, अनुप मलिक, सुनीता लोहचब, सुमेंद्र जोगी, सुरेन्द्र पंवार, जिला पार्षद संजय बड़वासनिया व चांद पहलवान एवं उपमंडल अधिकारी गोहाना सुशील मलिक, एस डी एम खरखौदा महेन्द्र पाल आदि उपस्थित थे।