चंडीगढ़, 8 मार्च- यूपीए अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी ने आज गुड़गांव जिला के गांव गैरतपुर बास में ऑटिज्म से पीडि़त व्यक्तियों के आवासीय, शैक्षणिक एवं व्यवसायिक प्रशिक्षण केन्द्र का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि यह केन्द्र भारत ही नहीं अपितु संभवतः दक्षिण एशिया में अपनी तरह का पहला केन्द्र होगा।
इस केन्द्र का निर्माण एक्शन फॉर ऑटिज्म नामक स्वयंसेवी संस्था द्वारा गांव गैरतपुर बास में लगभग 10 एकड़ भूमि पर करवाया जाएगा। श्रीमती गांधी ने नारियल फोड़कर इस ‘आनन्दा-ए ड्रीम’ नामक केन्द्र का शिलान्यास किया और कहा कि यह केन्द्र ऐसे बच्चों को आवासीय एवं प्रशिक्षण की सुविधा प्रदान करेगा, जो जीवन में बड़ी चुनौतियों का सामना करते हैं तथा जिनमें भोलापन है, प्रतिभा है, लेकिन सामान्य जीवन जीने में उन्हें कठिनाई होती है। इन्हें हम सब की तथा सारे समाज की संवेदनशीलता और देखभाल की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों के परिजनों को यह चिन्ता होती है कि उनके जाने के बाद उनके बच्चों की देखरेख और पालन-पोषण कैसे हो पाएगा।
श्रीमती सोनिया गांधी ने ऐसे बच्चों के सहयोग के लिए आगे आने के लिए मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा तथा विभिन्न संस्थाओं की प्रशंसा की। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे इन विशेष बच्चों की देखरेख व पालन-पोषण के नेक कार्य में इस संस्था को अपना सहयोग, समर्थन व आशीर्वाद दें, जिससे यह संस्था और ‘आनन्दा’ ऐसे परिवारों और बच्चों के जीवन में मददगार बन सके। उन्होंने इन विशेष बच्चों के आवासीय व प्रशिक्षण केन्द्र के लिए जमीन उपलब्ध करवाने पर मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा को इस गांव के विकास के लिए कुछ खास काम करने को कहा। इस पर श्री हुड्डा ने तत्काल गांव गैरतपुर बास को एचआरडीएफ फंड से एक करोड़ रूपए की राशि देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने संस्था को भी अपने एच्छिक कोष से 51 लाख रूपए देने का एलान भी किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि बादशाहपुर के विधायक राव धर्मपाल ने भी संस्था को 11 लाख रूपए दिए हैं।
इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री हुड्डा ने एक्शन फॉर ऑटिज्म नामक संस्था को बधाई देते हुए कहा कि यह संस्था पिछले 22 वर्षों से ऑटिज्म से पीडि़त व्यक्तियों के प्रति आम जनता को जागरूक करने का सराहनीय प्रयास कर रही है। यही नहीं, संस्था द्वारा ऐसे व्यक्तियों और बच्चों के पुर्नवास, शिक्षा व ट्रेनिंग के लिए भी काम किया जा रहा है। हुड्डा ने कहा कि ऑटिज्म से पीडि़त व्यक्तियों के बारे में समाज में जो भ्रांतियां हैं, उन्हें दूर करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ऐसा देखा गया है कि ऑटिज्म से पीडि़त व्यक्यों का बौद्धिक स्तर सामान्य व्यक्तियों जितना या उनसे भी अधिक पाया गया है। ऐसे व्यक्तियों में कलात्मक गुण भी हो सकते हैं।
हुड्डा ने कहा चूंकि इन व्यक्तियों की बौद्धिक क्षमता अलग होती है, इसलिए इनको सही मार्गदर्शन और ट्रेनिंग की आवश्यकता होती है। उन्होंने यह भी कहा कि हमें ऐसे व्यक्तियों के प्रति संवेदनशील होने की जरूरत है, तभी ये समाज से जुड़ेंगे तथा सामान्य लोगों की तरह जीवन व्यतीत कर सकेंगे। हुड्डा ने स्वैच्छिक संगठनों का आह्वान किया कि ऐसे व्यक्तियों के कल्याण के लिए सरकार के प्रयासों के साथ-साथ वे भी अपना योगदान दें। इसके साथ हुड्डा ने ऐसे कार्यों के लिए स्वैच्छिक संस्थाओं को हर संभव सहायता का आश्वासन भी दिया। हुड्डा ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई भी दी।
इससे पूर्व, केन्द्रीय उद्योग, कपड़ा एवं वाणिज्य मंत्री आनन्द शर्मा ने कहा कि आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर एक अच्छे काम की शुरूआत हुई है। उन्होंने कहा कि श्रीमती सोनिया गांधी ने आज जिस आवासीय व शैक्षणिक केन्द्र की आधारशिला रखी है, उसमें ऑटिज्म से पीडि़त व्यक्ति सम्मान व स्नेह के वातावरण में सुरक्षा से रह सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के केन्द्र की निहायत जरूरत थी। उन्होंने कहा कि श्रीमती सोनिया गांधी ने हमेशा ऐसे बच्चों के कल्याण के कार्यों को समर्थन दिया है और संवेदनशीलता दिखाई है। उन्होंने स्मरण करवाया कि राजीव गांधी फाऊंडेशन द्वारा ऑटिज्म से पीडि़त तथा अन्य विशेष बच्चों की पहचान व इलाज के लिए बालरोग विशेषज्ञों को प्रशिक्षण देने का कार्य शुरू किया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि ऑटिज्म से पीडि़त व्यक्तियों के बारे में समाज में चेतना और संवेदनशीलता जागृत करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि वे आज यहां एक मंत्री की हैसियत से नहीं, बल्कि अभिभावक के तौर पर उपस्थित हैं, इसलिए ज्यादा भावनात्मक हो गए हैं।
इस मौके पर एक्शन फॉर ऑटिज्म के विद्यार्थी शोभित भट्टाचार्य ने गणेश वंदना प्रस्तुत की। दूसरे विद्यार्थी अचितनाथ दुआ ने श्रीमती गांधी को पुष्प गुच्छ भेंट किया, जबकि दक्ष नामक एक अन्य विद्यार्थी ने मुख्यमंत्री हुड्डा को पुष्प गुच्छ भेंट किया। संस्था के एक और विद्यार्थी तुहीन द्वारा बनाए गए कार्ड भी श्रीमती सोनिया गांधी, केन्द्रीय मंत्री तथा मुख्यमंत्री को भेंट किए गए। आदी नामक एक विद्यार्थी द्वारा तैयार की गई गणेश जी की मूर्तियां श्रीमती सोनिया गांधी व मुख्यमंत्री श्री हुड्डा को भेंट की गई, जिस पर श्रीमती गांधी ने उस बच्चे को मंच पर बुलाकर उसे शाबाशी दी। एक्शन फॉर ऑटिज्म की निदेशक मैरी बरवा ने संस्था की गतिविधियों पर प्रकाश डाला तथा परियोजना निदेशक रीटा सभ्रवाल ने इस परियोजना में सहयोग देने के लिए मुख्यमंत्री तथा हरियाणा सरकार के अधिकारीगणों का आभार जताया।
इस अवसर पर हरियाणा के बिजली मंत्री कैप्टन अजय यादव, उद्योग मंत्री रणदीप सिंह सुरजेवाला, मुख्य संसदीय सचिव धर्मबीर व अनिता यादव, बादशाहपुर के विधायक राव धर्मपाल, नूंह के विधायक आफताब अहमद, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव छतर सिंह, जिला परिषद गुड़गांव की अध्यक्षा कविता यादव, जिला कांग्रेस ग्रामीण के अध्यक्ष जितेन्द्र भारद्वाज, महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष सुनीता सहरावत, गुड़गांव के मंडलायुक्त चन्द्रप्रकाश, उपायुक्त पी सी मीणा, पुलिस आयुक्त आलोक मित्तल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।