चण्डीगढ - हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश में मीट की बिक्री पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है, बल्कि केवल जैन पयुर्षण वर्ष उत्सव (11-09-2015 से 19-09-2015) तक बूजडखाना या कसाईखाना बंद करवाने के बारे में सम्बन्धित से मात्र एक अपील की गई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि यह पुन: स्पष्ट किया जाता है कि प्रदेश में मीट की बिक्री पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है।
केवल इस विषय में शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय से सभी नगर निगम आयुक्त, सभी उपायुक्त एवं कार्यकारी अधिकारी तथा सचिव, नगर परिषद एवं नगर पालिकाएं, हरियाणा को 13 अगस्त 2015 को लिखे गए पत्र में अपील करने को कहा गया था। उन्होंने बताया कि इस प्रकार की अपील प्रत्येक वर्ष ऐसे धार्मिक उत्सवों के दौरान की जाती रही है।