भिवानी - डेंगू का दंश भिवानी वालों को भी सताने लगा है। भले ही इस बीमारी का संक्रमण दूसरे जिलों से यहां पहुंचा हो। पांच संदिग्ध लोगों के नमूने ले लिए गये है और उनका प्राथमिक उपचार चल रहा है। इससे पहले तीन रोगियों में डेंगू की पुष्टि हुई थी, लेकिन ये सभी हिसार या कही अन्य स्थान पर अपना उपचार करवा रहे हैं। पुष्टि हुए तीनों रोगियों को डेंगू का संक्रमण सौगात में बाहर से मिला है। स्थानीय बिजली निगम कॉलोनी निवासी सतीश कुमार दिल्ली में पढ़ाई कर रहा है, उसे वही डेंगू ने घेरा।
जानकारी मिलने के बाद परिजन उसे हिसार के जिंदल अस्पताल में ले गये। इसी प्रकार विद्या नगर निवासी रामचंद्र की पत्नी केला का उपचार भी हिसार के गीतांजलि हॉस्पिटल में चल रहा है। केला जींद रिश्तेदार के यहां गई थी, वही उसे इस बीमारी ने घेरा। गांव नौरंगाबाद में दीपिका मामा के घर गुडग़ांव गई थी, उसे भी सौगात में यह बीमारी वही से मिली। स्वास्थ्य विभाग द्वारा पांच संदिग्ध लोगों की शक के आधार पर नमूने लिए गये है।