चंडीगढ़ - हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आज का दिन हरियाणा के लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि आज हरियाणा पंचायती राज संशोधन विधेयक, 2015 को बहुमत से पारित किया गया है। इसके अलावा अब इस विधेयक में संशोधन किया गया है जिसके तहत अनुसूचित जाति की महिला पंच के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता पांचवी पास रखा गया है। वे यहां विधानसभा के मानसून सत्र के अवसान के अवसर पर मीडिया के सवालों के जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि पंचायती राज संशोधन विधेयक, 2015 के पारित होने के बाद अब प्रदेश की पंचायतों में पढ़ेलिखे और स्वच्छ छवि के लोग आगे आएंगे।
पहले पंचायतों में पढ़ेलिखों की कमी पाई जाती थी परंतु इस विधेयक के पास होने से पंचायती राज को मजबूती मिलेगी, संविधान की मूल भावना भी यही है। कांग्रेस द्वारा पंचायती राज संशोधन विधेयक का विरोध किए जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका अपना नजरिया है, शायद सोचते होंगे कि पढ़ेलिखों को अब बहलाया-फुसलाया नहीं जा सकेगा। लोकसभा व विधानसभा के सदस्यों की योग्यता भी पंचायती राज के सदस्यों की तरह बढ़ाए जाने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि ये लोकसभा का अधिकार है। वहीं हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष कंवरपाल ने सोमवार को विधानसभा सत्र को अनिश्चित काल के लिए स्थगित करने की घोषणा की।