शिमला - कांगड़ा जिला में एक दफा फिर से वादों और तोहफों की बरसात होने वाली है। सीएम कार्यालय ने उनका तीन दिन का टूअर कार्यक्रम जारी कर दिया है। सोमवार को सीएम हेलिकाप्टर से सुबह चौधरी सरवण कुमार कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के लिए रवाना होंगे, जहां से वह गढज़मूला में आईटीआई भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह कांगड़ा के गुप्त गंगा में एक नई कार पार्किंग का उद्घाटन भी करेंगे। यहां से सीएम चच्चियां में फायर स्टेशन का नींव पत्थर रखेंगे। फिर सीएम का काफिला तकीपुर पहुंचेगा, जहां गवर्नमेंट डिग्री कालेज का शिलान्यास किया जाएगा।
इसके बाद वह शाम को धर्मशाला पहुंचेंगे, जहां उनका रात्रि विश्राम होगा। मंगलवार सीएम सुबह धर्मशाला से गंगथ जाएंगे, जहां वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के साइंस ब्लॉक का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद अटाहरा में बिजली बोर्ड स्टेशन का उद्घाटन होगा और फिर डेंकवां से बलीर वाया समंथा सडक़ का नींव पत्थर रखेंगे। यहां से घगवाल पहुंचकर पीएचसी का उद्घाटन करेंगे वहीं ढांगुपीर में पुलिस चौकी का शिलान्यास करेंगे। उनका रात्रि विश्राम नूरपुर में होगा। नौ सितंबर को मुख्यमंत्री राजा का तालाब पहुंचेंगे, जहां पर राजा का तालाब-बाड़ी-बतरांह-गोलवां-छत्तर-लोहाली से तेहन समलेट रोड के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम में शरीक होंगे।
यहां पर परूले दी खुई नामक सडक़ का उद्घाटन भी मुख्यमंत्री करेंगे। इसके बाद सीएम रैहन में बिजली बोर्ड के अनमैंड सब स्टेशन जनता को समर्पित करेंगे और सीएचसी भवन का उद्घाटन भी करेंगे। यहां से सीएम फतेहपुर जाएंगे और पुलिस स्टेशन के नए भवन की नींव रखेंगे। शाम को सीएम शिमला लौट जाएंगे।