चण्डीगढ़ -हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने जिला फरीदाबाद में सड़कों की विशेष मरम्मत एवं सुदृढ़करण के लिए 28.85 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश के अनुमानों को अनुमोदित किया है।
एक सरकारी प्रवक्ता ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि फरीदाबाद के सैक्टर-9 से बरौली सड़क तक की सड़क की विशेष मरम्मत एवं सुदृढ़करण पर 32 लाख रुपये से अधिक और बरौली से पेहलादपुर तक की सड़क पर 1.32 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे जबकि फरीदाबाद-तिगांव सड़क की विशेष मरम्मत पर 4.77 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इसी प्रकार, बादशाहपुर से दलेलपुर सड़क तक मरम्मत एवं सुदृढ़करण तथा सीसी ब्लॉक एवं हार्ड शौल्डरिंग के कार्य पर 3.56 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जाएगी। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद जसाना चिरसी मांझावाली सड़कके जंग्शन को चौड़ा एवं सुदृढ़ करने और सीमेंट के पक्के फुटपाथ के निर्माण के कार्य पर 18.86 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे।