चंडीगढ़ - प्रदेश की खट्टर सरकार ने हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर का पद भी अपने पास ही रखा है। विपक्षी दलों इनेलो व कांग्रेस के आग्रह को ठुकराते हुए सरकार ने अटेली से भाजपा विधायक संतोष यादव को डिप्टी स्पीकर बनाया है। विपक्ष के नेता अभय सिंह चौटाला व कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी ने विपक्ष या फिर किसी सहयोगी (निर्दलीय व बसपा विधायक) में से किसी को डिप्टी स्पीकर बनाए जाने की मांग की थी।
प्रश्नकाल के बाद स्पीकर कंवरपाल गुर्जर ने डिप्टी स्पीकर के निर्वाचन का शेड्यूल सदन में रखा। इस पर सीएम मनोहर लाल खट्टर ने डिप्टी स्पीकर के लिए अटेली से विधायक संतोष यादव के नाम का प्रस्ताव रखा। संसदीय कार्य मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने इस प्रस्ताव का अनुमोदन किया। शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का नारा दिया है और संतोष यादव को डिप्टी स्पीकर बनाया जाना भी इसी कड़ी का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इस नियुक्ति से प्रदेश में समान विकास का नारा भी सही साबित हो रहा है। स्पीकर कंवरपाल गुर्जर यमुनानगर के छछरौली से हैं और संतोष यादव प्रदेश के दूसरे छोर राजस्थान के झुंझनू जिले से सटे अटेली से विधायक हैं।
कांग्रेस विधायक करन सिंह दलाल ने कहा कि सदन की यह प्रथा रही है कि डिप्टी स्पीकर का पद किसी निर्दलीय विधायक या बसपा विधायक को दिया जाना चाहिए। विपक्ष के नेता अभय सिंह चौटाला ने कहा कि बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में भी उन्होंने आग्रह किया था कि यह पद विपक्ष या फिर किसी सहयोगी दल को दिया जाना चाहिए।