शिमला - भारतीय जीवन बीमा निगम वर्ष 2014-15 में 201.71 लाख नई पालिसियां बेचकर बाजार में 77.05 प्रतिशत हिस्सेदारी के सक्ष्य प्रथम स्थान पर कायम है। यह बात मंगलवार को भारतीय जीवन बीमा निगम के वरिष्ठ मंडल प्रबंधक गुरमेल सिंह परमार ने कही। उन्होंने कहा कि एलआईसी ने मंगलवार को राष्ट्र सेवा में 59 वर्ष पूरे कर लिए है। एलआईसी ने 59 वर्षों के दौरान देश में एलआईसी के विस्तार सहित लोगों का धन लोगों के ही कल्याण के लिए प्रयोग में लाने पर अपना अहम योगदान दिया है। आज एलआईसी के 1824194.95 करोड़ लाइफ फंड साथ 30 करोड़ से अधिक पॉलिसियां है।
साथ ही एलआईसी की परिसंपति 20 लाख करोड़ से अधिक है। एलआईसी की प्रथम प्रीमियम आय 69.21 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ 78302.64 करोड़ से अधिक थी। पेंशन एवं समूह बीमा में 316.74 लाख पारंपरिक व 205.97 लाख जीवनों का सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में व्यवासय किया है। वर्ष 2014-15 में एलआईसी ने 232.32 लाख दावों के अंतर्गत 90458.16 करोड़ का भुगतान किया तथा 99.51 प्रतिशत मृत्यु व 99.78 प्रतिशत परिपक्वता दावों का निपटारा किया। एलआईसी ने अपने ग्राहकों को त्वरित एवं गुणवत्ता सेवाए प्रदान करने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अपार वृद्धि की है। भारत वर्ष में सबसे बड़ी बीमा कंपनी होने के नाते अपने बहुमूल्य ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रौद्योगिकी में वृद्धि करने में भरसक प्रयास किए है। उन्होंने कहा कि 2014-15 में ही सूचना प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा आधार कार्ड को पालिसी संचालन के साथ जोड़ा गया।
एलआईसी अत्याधुनिक तकनीकों में आईवीआरएस, कॉल सेंटर, ग्राहक केंद्र, एसएमएस, ईमेल की सहायता से अपने ग्राहकों के साथ जुड़ी हुई है। एलआईसी ने निगमित सामाजिक दायित्व को ध्यान में रखते हुए 2006 को एलआईसी गोल्डन जुबली फाउंडेशन की स्थापना की। फाउंडेशन का उद्देश्य गरीबी उन्मूलन, शिक्षा को बढ़ावा, चिकित्सा सुविधा व दूसरी कोई भी जन सुविधा है। प्रारंभ से ही फाउंडेशन ने गैर सरकारी संगठनों का 325 परियोजनाओं में सहयोग किया है। फाउंडेशन ने समाज के निम्न वर्ग तथा दूरदराज के क्षेत्रों में अपनी पहुंच बनाई है। गोल्डन जुब्ली स्कॉलरशिप समाज के गरीब बच्चों के लिए सहायता तब तक प्रदान करता है जब तक बच्चा अपनी डिग्री या व्यवसायिक डिग्री प्राप्त नहीं कर लेता।
शिमला के वरिष्ठ मंडल प्रबंधक गुरमेल सिंह परमार ने कहा कि एलआईसी ने अपने पॉलिसी धारकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिमला मंडल के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश में 23 शाखाओं के अतिरिक्त 14 सैटेलाइट कार्यालय, 295 प्रीमियम प्वाइंट एवं 21 प्रीमियम प्लस केंद्र स्थापित किए हैं। शिमला मंडल ने वर्ष 2014-15 में 176660 पॉलिसियों के अंतर्गत 236.62 करोड़ प्रथम प्रीमियम आय अर्जित की। 31 अगस्त तक हमारे मंडल ने लगभग 61500 पॉलिसियों के अंतर्गत 62.00 करोड़ की प्रथम प्रीमियम आय अर्जित कर ली है।