गुडग़ांव - महिला पुलिस थाने के उद्घाटन के साथ ही पिछले तीन दिन में यहां चार शिकायतें पहुंची हैं। इसमें एक नाबालिग बच्ची की है जबकि शेष तीन घरेलू हिंसा से संबंधित हैं। घरेलू हिंसा की तीनों शिकायतें शहरी क्षेत्र में रहने वाली महिलाओं की ओर से की गई हैं। थाने के उद्घाटन के दूसरे दिन यहां पहली शिकायत पहुंची। यह शिकायत एक प्रवासी किशोरी ने ‘अपने’ परिजनों के खिलाफ उसके साथ दुर्व्यवहार की शिकायत दी है।
मूल रूप से बिहार के सीवान जिले की रहने वाली किशोरी ने महिला पुलिस थाने पहुंचकर बताया कि वह यहां राजीव चौक के पास एक कॉलोनी में रह रहे अपने गांव के ही एक दूसरे परिवार के साथ रहती है। इस 15 साल की किशोरी ने आरोप लगाया कि परिवार के लोग उसके साथ बदसुलूकी करते हैं। उसके अनुसार उसके घर से निकलने तक पाबंदी है। छोटी छोटी बातों पर उक्त परिवार के लोग उसे प्रताडि़त करते हैं। शिकायत में किशोरी ने यह भी बताया कि वह शुक्रवार को कुछ देर के लिए कहीं चली गई थी लेकिन जब वापस लौटी तो उसके साथ बेहद बुरा सुलूक किया गया।