शिमला - सरकारी महकमों से इस दफा सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों का आंकड़ा पिछले महीने के मुकाबले कम है। जहां पिछले माह हजारों की संख्या में कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए थे, वहीं इस बार करीब 300 कर्मचारी विभिन्न विभागों से रिटायर होंगे। कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति का आंकड़ा हर महीने बदलता है। वर्ष 2016 तक प्रदेश सरकार के अधिकांश पुराने कर्मचारी रिटायर हो जाएंगे और नई भर्तियां उतनी रफ्तार से नहीं हो रही हैं, जिससे विभागों का कामकाज चरमरा जाएगा।
प्रदेश सरकार ने पिछले साल कर्मचारियों को एक्सटेंशन की सुविधा शुरू की थी, जिससे विभागों में पुराने लोग जमे हुए थे, मगर कुछ महीने पहले ही यह योजना बंद कर दी है। बावजूद इसके सरकार को एक्सटेंशन की फाइलें लगातार मिल रही हैं। यही नहीं, सूत्र बताते हैं कि राजनीतिक तौर पर अच्छा रसूख रखने वाले लोगों को अभी भी सरकार की तरफ से एक्सटेंशन दी जा रही है। कुछ लोग जो कि अहम पदों पर नहीं होते, उनकी एक्सटेंशन की फाइलें क्लीयर हो जाती हैं, जिसका कोई शोर भी नहीं मचता। ऐसी ही कुछ फाइलें सरकार के ध्यान में इस दफा भी भेजी गई हैं, मगर अभी उन पर फैसला नहीं हो सका है, क्योंकि यहां विधानसभा का मानसून सत्र चल रहा है, लिहाजा अभी सरकार सचिवालय में नहीं बैठ रही।
सरकार की कार्रवाई विधानसभा से ही चल रही है, इसलिए अभी एक्सटेंशन के मामलों में ज्यादा कुछ नहीं हो सका है। सूत्र बताते हैं कि सोमवार को जब कर्मचारियों को विभागों में विदाई पार्टी दी जाएगी, उसी दिन एक्सटेंशन के मामले भी क्लीयर होंगे। एक तरफ कई कर्मचारी विदाई लेकर अपने घरों को जाएंगे तो दूसरी तरफ कुछ कर्मचारी एक्सटेंशन का तोहफा पाकर पुरानी कुर्सियों में ही डटे रहेंगे। देखना होगा कि इस दफा सरकार किस-किस को एक्सटेंशन का तोहफा देती है। सूत्र बताते हैं कि एक्सटेंशन की एक-दो फाइलें ऐसी भी सचिवालय को भेजी गई हैं, जिनमें कर्मचारी ने दूसरी दफा एक्सटेंशन मांगी है। इन पर सरकार कितनी मेहरबान होती है, यह देखने की बात है। विभागों में सोमवार को विदाई पाटियों के आयोजन कर दिए गए हैं।