नई दिल्ली - राज्य में खेलों के विकास एवं संवर्धन के लिए हरियाणा पुलिस को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार मिला है। राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने शनिवार शाम राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह में हरियाणा पुलिस के महानिदेशक यशपाल सिंह को यह पुरस्कार प्रदान किया। हरियाणा राज्य सरकार ने पिछले तीन वर्षों 2012 से 2014 के दौरान हरियाणा पुलिस में पांच डीएसपी, 15 इंस्पेक्टर, 20 सब-इंस्पेक्टर और 45 कांस्टेबलों को खेल के क्षेत्र में उनकी उपलब्धियों के आधार पर भर्ती किया है।
राज्य में राष्ट्रीय और अंतराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के पदक विजेताओं को नकद पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। हरियाणा राज्य सरकार द्वारा एक बीमा योजना और एक पेंशन योजना भी तैयार की गई है। खेलों/वीरता में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले कर्मचारियों के लिए हरियाणा पुलिस में सेवारत खिलाडिय़ों ने अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में अनेक पदक जीते हैं और उन्हें प्रतिष्ठित पुरस्कार जैसे खेल रत्न, अर्जुन पुरस्कार और पद्मश्री से नवाजा गया है।