हरियाणा के मुख्य संसदीय सचिव, सहकारिता विभाग श्री जयवीर सिंह ने कहा कि युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए विधानसभा क्षेत्र खरखौदा (सोनीपत) में राजकीय महाविद्यालय का निर्माण करवाया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा फरवरी के प्रथम सप्ताह में इस महाविद्यालय की आधारशिला रखेंगे।
यह जानकारी देते हुए श्री सिंह ने कहा कि इस महाविद्यालय के निर्माण से शिक्षा हब के रूप में उबर रहे सोनीपत व आसपास के क्षेत्र को और अधिक बल मिलेगा तथा खरखौदा व आसपास के दजर्नों गांवों के विद्यार्थियों को लाभ होगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में खरखौदा विधानसभा क्षेत्र में भारी मात्रा में विकास कार्य करवाये गये हैं। इनमें हलके को उपमंडल का दर्जा देने की पुरानी मांग को पूरा करना, आईटीआई का निर्माण, 50 बिस्तरों के अस्पताल का निर्माण, सीवरेज तथा गांवों की गलियों को पक्का करवाने के प्रमुख कार्य शामिल हैं।
मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में हरियाणा सरकार द्वारा उठाये जा रहे जनहितैशी कार्यों के फलस्वरूप आज प्रदेश के अनुसूचित जाति, पिछड़ा, गरीब, मजदूर व कमजोर वर्ग सहित सभी बिरादरियों को लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने गन्ने के मूल्य में 45 रुपये की बढौतरी करके किसान व मजदूर हितैशी होने का प्रमाण दिया है। इस फैसले से न केवल किसानों अन्य सभी वर्गों के चेहरे खिले हुए है। हजकां से कांग्रेस में शामिल होने वाले पांचों विधायकों पर विधानसभा अध्यक्ष द्वारा दिये गये फैसले का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि यह फैसला सही समय पर दिया गया सही फैसला है।
श्री सिंह ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग व बीपीएल परिवारों को दी जा रही कन्यादान राशि का बढ़ाना एक सकारात्मक पहल है। इसके साथ ही, प्रदेश में अनुसूचित जाति के 11 हजार सफाई कमचारियों की भरती करना, 100-100 वर्ग गज के प्लाटों का वितरण, पानी की टंकियां व निःशुल्क पानी कनैक्शन देने तथा मकान बनाने की ग्रांट देने जैसी कल्याणकारी योजनाओं से लोगों को लाभ मिल रहा है। अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग व गरीब बच्चों की पढ़ाई को निर्बाधित तौर पर पूरा करवाने के लिए वजीफा दिया जाता है तथा दोपहर का खाना मिड-डे-मिल दिया जाता है।