पंचकूला - पंचकूला के विधायक ज्ञानचंद गुप्ता ने मुख्यमंत्री मनोहरलाल की ओर से रक्षाबंधन के उत्सव पर राज्य की महिलाओं को हरियाणा राज्य परिवहन की बसों में नि:शुल्क यात्रा उपलब्ध करवाने के लिए जो तोहफा दिया है, वह मुख्यमंत्री का बहुत ही सराहनीय फैसला है। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सभी महिलाओं एवं 15 वर्ष तक के बच्चों के लिए हरियाणा राज्य परिवहन की बसों में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की है। इससे महिलाओं को अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए आने-जाने में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि गत सरकार ने रक्षाबंधन वाले दिन ही नि:शुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की थी, लेकिन वर्तमान प्रदेश सरकार ने यह सुविधा दो दिन के लिए उपलब्ध करवाकर राज्य की महिलाओं को सम्मान दिया है।
उन्होंने कहा कि यह सुविधा केवल हरियाणा राज्य परिवहन की साधारण बसों में हरियाणा में स्थित किसी भी एक स्थान से दूसरे स्थान पर उपलब्ध होगी। विधायक ने बताया कि सरकार की ओर से 28 अगस्त को दोपहर 12 बजे से 29 अगस्त मध्य रात्रि तक यह सुविधा प्रदान की गई है। यह सुविधा महिला व उसके साथ 15 वर्ष तक के बच्चों को भी उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री महिलाओं की सुरक्षा के प्रति कटीबद्ध है, इसी उद्देश्य को लेकर शुक्रवार को पंचकूला में मुख्यमंत्री महिला पुलिस थाना का उद्घाटन करेंगे। यह महिला थाने प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर खोले जा रहे हैं। इस अवसर पर हजारों से अधिक की तदाद में महिलाएं उपस्थित होंगी। उन्होंने कहा कि पंचकूला हलका में रक्षाबंधन के अवसर पर प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत 5100 महिलाओं विशेषकर गरीब महिलाओं का खाता खोल कर बीमा किया जाएगा।
यह खाते 12 रुपए वार्षिक प्रीमियम पर खोले जाते हैं, लेकिन वे इन महिलाओं को रक्षाबंधन का उपहार देंगे तथा उनके सम्मान के लिए उन्हें शगुन के रूप में 11 रुपए स्वयं जमा करवाएंगे जबकि एक रुपया महिलाएं स्वयं बीमा के लिए जमा करवाएंगी। इस योजना के तहत खाताधारक की दुर्घटना में मृत्यु जोखिम पर दो लाख रुपये व अपंग होने पर एक लाख रुपए बीमा के रूप में प्राप्त होंगे। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा के तहत 18 से 50 वर्ष की आयु के सभी बचत खाता धारकों को 330 रुपए वार्षिक प्रीमियम पर दो लाख रुपये का जीवन बीमा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिला के सभी प्राइवेट व राष्ट्रीयकृत बैंकों में खाते खोले जाएंगे।