सिरसा - पुलिस द्वारा गांव रत्ताखेड़ा में दो गाडय़िों में सवार दो लोगों से भारी मात्रा में अफीम मिलने पर सोमवार देर रात्रि तक पुलिस की छापामार कार्रवाई चलती रही। इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए थाना प्रभारी धर्मवीर ने बताया कि पुलिस ने इस तस्करी में 5 लोगों को हिरासत में लेते हुए उनसे 9 किलोग्राम अफीम व साढ़े 6 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। उन्होंने बताया कि काबू किए गए गाड़ी सवार आरोपी पृथ्वी सिंह निवासी भाकरवासी राजस्थान ने कबूल किया है कि उसने उक्त 9 किलो अफीम में से 3 किलो अफीम जंडवाला जाटान के तस्कर चरणजीत उर्फ चरणा व निक्का को सप्लाई करनी थी तथा बाकी 6 किलो अफीम जंडवाला जाटान के ही तस्कर जगसीर उर्फ सीरा व उसके पुत्र अमनप्रीत को देनी थी।
पुलिस ने टरेनो गाड़ी के पीछे आ रही सियाज कार में सवार जगसीर उर्फ सीरा व उसके पुत्र अमनप्रीत उर्फ सरदूल को भी धर दबोचते हुए कार में से 4 लाख रुपए की नकदी बरामद की। इसके अलावा पुलिस ने मौके से फरार एक कार में सवार दो तस्करों हरनाम उर्फ निक्का व चरणा को गांव बनवाला में काबू करते हुए उनके पास से अढ़ाई लाख रुपये की नकदी बरामद की है।चालक पृथ्वी के अनुसार वह इस क्षेत्र में लम्बे समय से अफीम की खेप तस्करों को सप्लाई करता है। जिसके बाद से पुलिस को उम्मीद है कि उक्त मुख्य तस्कर से इस मामले में ओर भी महत्वपूर्ण जानकारियां मिलेंगी।
सादी वेशभूषा में नजर आने वाला पृथ्वी सिंह इस धंधे का बड़ा मोहरा बताया जा रहा है, जो राजस्थान क्षेत्र से कम दामों पर अफीम लेकर हरियाणा में तस्करों को सप्लाई करता है। नशे के कारोबार में बड़ी कामयाबी हाथ लगने के बाद पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ करते हुए इस धंधे से जुड़े बड़े तस्करों के बारे जानकारी जुटाना शुरू कर दी है। पुलिस को उम्मीद है कि तस्करों को रिमांड पर लेने के बाद इस धंधे में संलिप्त अन्य तस्करों के बारे खुलासा होगा।