चंडीगढ़ - मुख्यमंत्री मनोहर लाल की डिजिटल हरियाणा की सोच को उस समय और अधिक बल मिला जब विदेशी निवेश आकर्षित करने के लिये अमेरिका- कनाडा दौरे पर गए हरियाणा के एक उच्च स्तरीय शिष्टमण्डल के साथ गूगल ने राज्य में डिजिटल साक्षरता बढ़ाने के साथ-साथ विभिन्न प्रकार की अन्य पहलें विकसित करने के लिये हरियाणा से समझौता किया।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल व उद्योग मंत्री कैप्टन अभिमन्यु की उपस्थिति में कलिफोर्निया में हरियाणा सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के प्रधान सचिव देवेन्द्र सिंह व गूगल इण्डिया के नीति प्रमुख चेतन कृष्णास्वामी ने हस्ताक्षर किये। समझौते के अनुसार गूगल राज्य में डिजिटल साक्षरता अभियानके तहत सरकारी कार्यालयों व राजकीय विद्यालयों में इंटरनेट सुरक्षा कवर करेगा। इसके अलावा सरकारी कार्यालयों में वैबमास्टर व कर्मचारियों के लिये मोबाइल वैब पर कार्यशाला आयोजित करेगा।
समझौते को डिजिटलाइजेशन की दिशा में मील का पत्थर बताते हुए मनोहर लाल ने कहा कि यह न केवल हमारे डिजिटल हरियाणा अभियान को निर्णायक गति देगा, बल्कि कार्यक्षमता भी बढाएगा। यह एमओयू राज्य के लोगों में डिजिटल साक्षरता एवं जागरूकता फैलाने के हमारे सपने को मूर्तरूप भी देगा। उन्होंने कहा कि वे दावे के साथ कह सकते हैं कि वह दिन दूर नहीं जब हरियाणा पूर्णरूप से डिजिटल होगा। गूगल इण्डिया के नीति प्रमुख चेतन कृष्णास्वामी ने कहा कि हम हरियाणा सरकार को डिजिटल हरियाणा बनाने में पूरा सहयोग देंगे। उन्होंने कहा कि आशा है कि संयुक्त रूप से की गई यह पहल राज्य के लोगों को इंटरनेट के प्रति प्रेरित करने तथा सरकार के विजन दोनों के लिये अति लाभकारी होगी। हरियाणा सरकार ने प्रधानमंत्री के डिजिटल अभियान के तहत हरियाणा को डिजिटल हब के रूप में विकसित करने की योजना बनाई है।