कुरुक्षेत्र - हरियाणा सीनियर सेकेंडरी शिक्षा विभाग के निदेशक एमएल कौशिक ने कहा कि राज्य सरकार से मान्यता प्राप्त स्कूलों को मान्यता देने के नियमों में संशोधन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार के पास मान्यता लेने संबंधित जितने भी लंबित मामले हैं उन्हें जल्द निपटाया जाएगा। वे बृहस्पतिवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में निजी स्कूलों के एक सेमीनार को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सभी जिलों के प्रतिनिधियों और यूनियनों के प्रतिनिधियों की बात सुनने के बाद कहा कि निजी स्कूलों के प्रबंधकों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। अगर इस मामले में शिक्षा विभाग का कोई अधिकारी नाजायज रूप से तंग करेगा या भ्रष्टाचार में संलिप्त पाया गया तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी स्कूल भारतीय संस्कृति को बढ़ावा दें। स्कूल प्रतिनिधियों ने कहा कि शिक्षा बोर्ड की 10वीं व 12वीं के सभी स्कूलों को स्थाई मान्यता दी जाए।
जो स्कूल 10 साल से चल रहे हैं उनमें गज के हिसाब से जिन नियमों को शामिल किया जा रहा है उनमें एक कक्षा एक रूम के हिसाब संशोधन किया जाए। प्रतिनिधियों ने कहा कि पांचवी और 8वीं का बोर्ड खत्म होने से स्कूलों के परिणाम पर असर पड़ा है। इसे फिर शुरू किया जाए। इसके अलावा उन्होंने स्कूलों की मान्यता के नियमों को ढील देने, निजी स्कूलों को सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग उठायी।