चंडीगढ़, 4 मार्च - हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री राव नरेन्द्र सिंह ने बताया कि आजादी के बाद सरकारी क्षेत्र में देश के पहले भगत फूल सिंह राजकीय महिला चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, खानपुर कलां (सोनीपत) का लोकार्पण यूपीए अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी द्वारा 8 मार्च, 2013 को किया जायेगा।
राव नरेन्द्र सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा करेंगे। देश में 100 वर्षां बाद महिलाओं के लिए सरकारी क्षेत्र में स्थापित पहला राजकीय महिला महाविद्यालय है। इससे पहले 1914 में लेडी हार्डिंग मेडिकल कालेज स्थापित किया गया था। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम पहल करते हुए इस संस्थान की आधारशिला भी श्रीमती सोनिया गांधी द्वारा 1 मार्च, 2009 को रखी गई थी।
मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा की शिक्षा को बढ़ावा देने की सोच एवं मार्गदर्शन में प्रदेश में इस उत्कृष्ट संस्थान की स्थापना पर 700 करोड़ रुपये खर्च किये जा रहे है। इस संस्थान के प्रथम चरण में प्रशासनिक खण्ड और आवासीय सुविधाओं को 2 वर्ष की रिकार्ड अवधि में पूरा किया गया है, जिसमें भवन निर्माण पर 475 करोड़ रुपये तथा विश्व स्तरीय उपकरणों, मशीनरी तथा फर्नीचर पर 50 करोड़ रुपये की लागत आई है।
राव नरेन्द्र सिंह ने कहा कि पिछले कुछ सालों में हरियाणा ने स्वास्थ्य की आधारभूत संरचनाओं, सुविधाओं एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक ऊंची उड़ान भरी है। मेवात के नल्हड़ तथा करनाल में भी चिकित्सा महाविद्यालय खोलने का कार्य प्रगति पर है और ये शीघ्र ही संचालित हो जाएंगे। इसके साथ ही, राजकीय चिकित्सा महाविद्यालयों की संख्या बढ़कर 4 हो जायेगी। इसके अलावा, राज्य सरकार का सार्वजनिक-निजी भागीदारी पद्वति पर जिला रेवाड़ी के माजरा श्योराज में भी एक मेडिकल खोलने का प्रस्ताव है। इसके साथ-साथ झज्जर में एम्स-2 की स्थापना की जा रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इन मेडिकल कालेजों के आरंभ होने के बाद मेडिकल को कैरियर के रूप में अपनाने वाले प्रदेश के युवाओं को एक बेहतरीन अवसर उपलब्ध होगा और चिकित्सा अनुसंधान को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि इस समय प्रदेश में सरकारी एवं निजी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की 700 सीटें तथा पोस्ट ग्रेजुएट की 221 सीटें उपलब्ध है। जबकि मार्च 2005 में 350 सीटें थी। अब वर्ष 2013-14 में नल्हड़ मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से सीटें बढ़कर 800 हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार की कोशिश है कि प्रदेश में हर व्यक्ति को अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों क्योंकि स्वास्थ्य और शिक्षा के आधार पर ही एक अच्छे समाज की परिकल्पना की जा सकती है।