पानीपत - स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान तिरंगे झंडे का अपमान देखने का मिला। मुख्य अतिथि ने जिस जिप्सी से परेड का निरीक्षण किया था, उस पर तिरंगा झंडा उल्टा लगा हुआ था। पुलिस अधीक्षक ने इसे गंभीरता से लेते हुए ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले ईएएसआइ और एक सिपाही को सस्पेंड कर विभागीय जांच शुरू कर दी। विधानसभा अध्यक्ष कंवर पाल ने पुलिस की जिस जिप्सी से परेड का निरीक्षण किया, उस पर तिरंगा झंडा उल्टा लगा हुआ है। मुख्य अतिथि के साथ पुलिस कप्तान राहुल शर्मा और डीएसपी जोगेंद्र राठी भी थे।
समारोह के दौरान तीन विधायक, जिला उपायुक्त, एडीसी, एसडीएम सहित जिले के अन्य अधिकारी उपस्थित थे, लेकिन किसी की भी नजर जिप्सी पर उलटे लगे झंडे पर नहीं पड़ी। परेड का निरीक्षण करने के बाद भी जिप्सी स्टेडियम में ही खड़ी रही, फिर भी किसी ने झडे को ठीक नहीं किया। ऐसे में नेताओं और अधिकारियों को अपने तिरंगा कैसे लगाया जाता है इसका ज्ञान ही नहीं है या फिर उल्टे लगे तिरंगे झंडे को देख कर भी अनदेखा कर दिया। इसके बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता।
पुलिस प्रवक्ता अनिल कुमार ने बताया कि परेड निरीक्षण के लिए जिप्सी की देखरेख की जिम्मेदारी मोटर व्हीकल ट्रांसपोर्ट इंचार्ज ईएएसआइ रामनिवास और सिपाही वीरेंद्र की थी। पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर ईएएसआइ व सिपाही को सस्पेंड करके विभागीय जांच शुरू कर दी है। डीएसपी हेडक्वार्टर सुरेंद्र सिंह को जांच सौंपी गई है।