नाहन - स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय नाहन में हुए विस्फोट ने खुफिया एजेंसियों व पुलिस को सकते में डाल दिया है। विस्फोट के बाद जांच में जुटी पुलिस को गोला-बारूद का जखीरा मिला है। जानकारी के मुताबिक जिला मुख्यालय नाहन के पुलिस थाना के साथ शमशेरगंज मोहल्ला में इमरान शेख पुत्र स्व. शेख इम्तियाज उर्फ भाईजान के घर शनिवार दोपहर को अचानक एक विस्फोट हो गया, जिससे आस-पड़ोस के लोग सहम गए। विस्फोट के बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी। जांच में जुटी पुलिस ने पहले तो इस विस्फोट को हल्के से लिया, लेकिन जब शनिवार देर शाम को खुफिया एजेंसियों के कहने पर जांच शुरू की गई तो घर से विस्फोटक सामग्री का जखीरा मिला, जिससे जांच दल के होश फाख्ता हो गए। पुलिस की जांच रात्रि करीब तीन बजे तक चली। तलाशी के दौरान पुलिस को 2.20 क्विंटल छर्रे, सिक्का, छर्रे बनाने के सांचे, तीन हजार जिंदा कारतूस, चार बिना लाइसेंस की बंदूकों के अलावा बंदूके बनाने की अन्य सामग्री बरामद की गई। इसके अतिरिक्त तलाशी पर विस्फोटक सामग्री, गन पाउडर, सल्फर, कार्बन व अन्य हथियार बनाने का अन्य सामान मिला है।
जानकारी के मुताबिक इस मामले में तीन लोगों इमरान शेख, सारिक शेख व वासिक शेख पुत्र स्व. शेख इम्तियाज उर्फ भाईजान को गिरफ्तार किया है। तीनों के खिलाफ पुलिस ने बिना लाइसेंस व बिना अनुमति से असलाह व अन्य विस्फोटक सामग्री रखने के जुर्म में आर्म्स एक्ट की धारा 25, 26, 54 व 59 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस को मौके से जहां 2.20 क्विंटल छर्रे मिले हैं, वहीं भारी मात्रा में गन पाउडर, सल्फर, पोटाशियम, गंदक, लैड, स्टार्च, नाइट्रोजन पाउडर व चारकोल आदि मिला है, जिसे पुलिस करीब चार यूटिलिटी में भरकर थाने ले गई। रविवार को फोरेंसिक लैब शिमला व आर्मी के विशेषज्ञ टीम ने भी घटनास्थल का दौरा किया तथा विस्फोटक सामग्री की जांच की।
मामले की पुष्टि करते हुए जिला पुलिस अधीक्षक सौम्या साम्बाशिवन ने बताया कि पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी की दुकान व फैक्टरी सील कर दी है। फैक्टरी, दुकान व घर में पुलिस की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। जानकारों का कहना है कि पुलिस जिला मुख्यालय नाहन में गोला-बारूद व पटाखों का निर्माण करने वाले अन्य लोगों की भी जांच में जुट गई है। बताते हैं कि पुलिस मामले की जांच इस पहलू से भी कर रही है कि बिना लाइसेंस के घर में रखे गए जखीरे के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं है।