चंबा - पांगी मार्ग पर गुरुवार दोपहर बाद बैरागढ़ के समीप हिमाचल पथ परिवहन निगम के केलांग डिपो की बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे उसमें सवार नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अस्पताल में जिंदगी व मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। दुर्घटना के वक्त बस में चालक-परिचालक सहित 17 लोग सवार थे। दुर्घटना में मारे गए लोगों के शव मौके पर ही किए गए पोस्टमार्टम के उपरांत परिजनों को सौंप दिए गए हैं। उपमंडलीय प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को दस-दस हजार और घायलों को पांच-पांच हजार रुपएकी फौरी राहत प्रदान की गई है।
जानकारी के अनुसार चंबा से किलाड़ की ओर जा रही परिवहन निगम की बस (एचपी- 36, 5011) बैरागढ़ स्टेशन से पीछे तंग सडक़ को पार करते समय अचानक फिसलकर गहरी खाई में लुढक़ गई। खाई में गिरते ही बस के परखच्चे उड़ गए। परिणामस्वरूप आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक घायल ने अस्पताल जाते वक्त रास्ते में दम तोड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत व बचाव कार्य आरंभ करते हुए उपमंडलीय प्रशासन व पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से तुरंत घायलों को उठाकर एंबुलेंस के जरिए तीसा अस्पताल भिजवाया। उधर, डीएसपी हैडक्वार्टर बीर बहादुर ने बैरागढ़ के पास परिवहन निगम के दुर्घटनाग्रस्त होने से नौ लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि तीसा थाना में मामला दर्ज कर दुर्घटना के विस्तृत कारणों की जांच की जा रही है।
परिवहन मंत्री जीएस बाली ने दुर्घटना की जांच के आदेश दिए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस में चालीस से पचास लोग सवार थे। दुर्घटनास्थल के पास तंग सडक़ से बस को निकालने के लिए चालक ने सवारियों को नीचे उतार दिया था, मगर कुछ लोग बस में ही बैठे रहे। इसी दौरान बस अचानक फिसल गई और यह दर्दनाक हादसा हो गया। अगर सवारियों ने चालक की बात मानी होती तो अनमोल जिंदगियां बच सकती थीं।