पंचकूला - राष्ट्रीय पर्व के मौके पर इस बार राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी ध्वजारोहण करेंगे तथा परेड की सलामी लेंगे। समारोह में देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम, डेअर डेविल शो तथा पंचकूला के 20 वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम मुख्य आकर्षण का केंद्र होंगे। राज्यस्तरीय समारोह को धूमधाम से मनाने के लिए जिला के विभिन्न स्कूलों के बच्चे व हरियाणा पुलिस के जवान कई दिन से सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में रिहर्सल कर रहे हैं।
समारोह में डंबल व लेजियम के कार्यक्रम भी होंगे, जिसमें सरकारी स्कूलों के करीब 550 बच्चे भा लेंगे। उपायुक्त विवेक आत्रेय ने मंगलवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रिहर्सल देखी। उन्होंने बच्चों की हौसला आफजाई करते हुए कहा कि बच्चे काफी लगन व मेहनत के साथ समारोह की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम से बच्चों में आत्मविश्वास व मिलकर कार्य करने की भावना बढ़ती है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सेक्टर-8 के डीएवी पब्लिक स्कूल के बच्चों द्वारा वंदे मातरम, सेक्टर-6 स्थित हंसराज स्कूल के बच्चों द्वारा गणेश वंदना तथा सेक्टर-15 में स्थित भवन विद्यालय के बच्चों द्वारा पंचकूला जिला के 20 वर्ष पूरे होने पर संगीत नाट्य प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सेक्टर-10 के हरियाणा मॉडल स्कूल के बच्चों द्वारा राजस्थानी गीत पर सामूहिक नृत्य, सेक्टर-1 स्थित जिनेंद्रा पब्लिक स्कूल के बच्चों द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ थीम पर संगीत नाट्य प्रस्तुत किया जाएगा।
सेक्टर-11 के चवन लाल डीएवी स्कूल के बच्चों द्वारा एक्शन सांग, हरियाणा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-15 की छात्राओं द्वारा हरियाणवी नृत्य, रायपुररानी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के बच्चों द्वारा पंजाब की पहचान भांगड़ा प्रस्तुत किया जाएगा, जबकि अमरावती पब्लिक स्कूल के बच्चों द्वारा राष्ट्रीय गान प्रस्तुत किया जाएगा। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त हेमा शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी सावित्री सिहाग सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।