करनाल - करनाल के मॉडल टाउन में एक पुलिसकर्मी ने सोमवार को अपनी लाइसेंसी रायफल से गोली मारकर सुसाइड करने का मामला सामने आया है। पुलिसकर्मी ने गले पर गोली मारी है। घटना के बाद पुलिसकर्मी को करनाल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुसाइड का कारण घरेलू कलेश बताया जा रहा है। पुलिसकर्मी की पहचान राकेश कुमार कुलेरिया के रुप में हुई है, जो मधुबन पुलिस अकादमी में कार्यरत था। घटना के समय उसकी पत्नी घर में मौजूद थी।
घटना के बाद पडोस के युवक राकेश को जख्मी हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उसकी मौत हो गई। पत्नी के मुताबिक राकेश तीन वर्षीय बच्ची को स्कूल से घर लाया था, इसके बाद उसने गोली मारकर सुसाइड कर ली। पुलिस डीएसपी जितेंद्र गहलावत का कहना है कि राकेश की पत्नी के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। अभी जांच जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।