पंचकूला - 62 लाख रुपये की कथित ठगी के मामले में जिला के गांव मौली का रिटायर्ड पुलिस कर्मचारी व उसका बेटा पुलिस से इंसाफ की गुहार लगा रहा है। मामला दर्ज होने के बावजूद आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है। मौली निवासी जगदेव सिंह ने यहां बताया कि वह हरियाणा पुलिस का सेवानिवृत्त कर्मचारी है। अप्रैल 2012 में उसके बेटे संजीव कुमार ने मौली में हाटेश्वरी पेपर मोल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी के हेतराम व अशोक मल्होत्रा 2 हिस्सेदारों से कुल जमीन का 2/5 हिस्सा, मशीनें, बिल्डिंग तथा शेयर होल्डिंग का 37 लाख रुपये में खरीदा था तथा एक अन्य हिस्सेदार पवन पसरीजा से भी 25 लाख रुपये में सौदा तय हो गया, उसकी अदायगी भी कर दी गई।
संजीव कुमार के अनुसार जब उन्हें पता चला कि अशोक मल्होत्रा अपना हिस्सा वर्ष 2010 में बरवाला के किसी तरलोक नामक व्यक्ति को बेच चुका है तो विवाद बढ़ गया। उस पर हेतराम ने जो चेक दिया वह भी बाउंस हो गए। इसके बाद उक्त व्यक्तियों ने न तो जमीन दी और न ही पैसे लौटाये। इस पर 28 मार्च 2014 को सेक्टर-5 पुलिस थाना में दिल्ली निवासी पवन पसरीजा, पवन की पत्नी, पिंजौर निवासी अवतार सिंह, दिल्ली निवासी यशपाल पसरीजा के खिलाफ मामला दर्ज करवाया दिया लेकिन पुलिस ने आज तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। उसने आरोप लगाया है कि हरियाणा के एक पूर्व पुलिस महानिदेशक आरोपियों को शह दे रहे हैं।