करनाल - हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि घरौंडा, करनाल में एनसीसी की नई अकादमी खोली जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के एक सैनिक स्कूल को सैनिक कालेज बनाने का भी प्रयास किया जाएगा ,ताकि रक्षा सेवाओं में जाने वाले युवाओं को अधिक से अधिक अवसर प्राप्त हों। मुख्यमंत्री रविवार को सैनिक स्कूल कुंजपुरा, करनाल के स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने पांच करोड़ रुपए की लागत से बने नए छात्रावास भवन का उद्घाटन किया तथा नए कार्टयार्ड हास्टल ब्लॉक की आधारशिला भी रखी।
मुख्यमंत्री ने शहीदी स्मारक पर जाकर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि भी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हालांकि प्रदेश में रेवाड़ी में दूसरा सैनिक स्कूल चल रहा है परंतु यदि आवश्यक हुआ तो एक और सैनिक स्कूल की स्थापना की जाएगी, क्योंकि यहां के युवा रक्षा सेवाओं में जाने में अधिक से अधिक रुचि लेते हैं। हरियाणा के युवा रक्षा सेवाओं में जाकर देश की सेवा करके पूरे प्रदेश का मान बढ़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के सर्वागिण विकास के लिए हरियाणा सरकार द्वारा सभी संसाधन मुहैया करवाए जा रहे है। उन्होंने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक दिन है। आज के ही दिन नौ अगस्त, 1942 को भारत देश में होनहार सैनिकों, क्रांतिकारियों व देश भक्तों ने अंग्रेजो के विरुद्ध भारत छोड़ो आंदोलन चलाया था। मुख्यमंत्री ने देश पर कुर्बान होने वाले जाने-अनजाने असंख्य शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी शहादत की याद दिलाई, जिन्होंने हम सबको आजादी दिलवाई और उन्हीं अमर शहीदों की बदौलत आज हम खुली हवा में सांस ले रहें हैं।
सैनिक स्कूल से अपनी बचपन की यादों को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि बचपन में उनका सपना था कि कभी वे सैनिक स्कूल में जाएं, परंतु उस समय उनकी इच्छा पूरी नही हुई पर रविवार को यहां आकर छात्रावास का उद्घाटन व कैडिटस का गार्ड ऑफ ऑनर ले कर उन्हें अत्यंत हर्ष का अनुभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस सैनिक स्कूल के लिए हरियाणा सरकार की तरफ से हर तरह का सहयोग दिया जाएगा। इस स्कूल से पास आऊट 700 से अधिक छात्र राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडी)में जा चुके हैं, इसके अलावा अन्य क्षेत्रों में भी यहां से पास आऊट छात्र अपनी सेवाएं दे रहे हैं जो कि गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इस स्कूल की स्थापना 1961 में हुई। तब से लेकर यह विद्यालय प्रगति के पथ पर चल रहा है। ऐसे स्कूलों में दाखिला लेकर शिक्षा लेने वाले बच्चे बहुत भाग्यशाली है।