चंडीगढ़ : हरियाणा के राज्यपाल जगन्नाथ पहाडि़या के 82वें जन्मदिवस पर आज हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा की ओर से मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव शिवरमन गौड ने राज्यपाल को बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने उत्तम स्वास्थ्य व दीघार्यू की कामना भी की। इस मौके पर अनेक अधिकारियों, कर्मचारियों और अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें जन्मदिवस की बधाई दी। आज प्रातःकाल से ही राजभवन में राजस्थान, हरियाणा और अन्य क्षेत्रों से राज्यपाल को बधाईयां देने वालों का तांता लग गया।
राज्यपाल ने सबका धन्यवाद करते हुए कहा कि वे जीवनभर मानव कल्याण में लगे रहेंगें क्योंकि मानव का शरीर केवल जीवन को जीने के लिए नहीं बल्कि दूसरों का कल्याण करने के लिए मिलता है।
आज प्रातः एमडीडी बालभवन, करनाल के बच्चों ने प्रधान बंसत प्रकाश शर्मा, संचालक पीआर नाथ और डा. बालकिशन कौशिक के साथ राज्यपाल को जन्म दिवस की बधाई दी। इसके बाद साकेत, पंचकूला के बच्चों ने निदेशक डा. बीके बंसल के साथ राज्यपाल को जन्मदिन की बधाई दी।
राज्यपाल की धर्मपत्नी शांति पहाडिया, राज्यपाल के सुपुत्र संजय पहाडिया व अन्य परिजनों, राज्यपाल के सचिव महेन्द्र कु मार, दीनबंधू छोटूराम विज्ञान एवं तकनीकी विश्वविद्यालय, मुरथल के कुलपति एचएच चहल, पूर्व विधायक प्रसन्नी देवी, राज्यपाल के संयुक्त सचिव इन्द्रजीत सिंह सुखीजा, पंजाबी साहित्य निदेशक सुखचैन सिंह भंडारी, हरियाणा रैडक्रास सोसायटी के सचिव कर्नल डा. जीपी तनेजा, पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंसीलाल की सुपुत्री सरोज सिवाच व सुमित्रा देवी सहित अनेक अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने राज्यपाल को जन्मदिवस की बधाईयां दी।