अंबाला - अंबाला छावनी स्टेशन पर आज उस समय हडक़ंप मच गया जब एक युवक ने देर रात जी.आर.पी. के को फोन करके सूचना दी कि दो दिन पूर्व कुछ लोगों ने उसे एक थैला दिया था जिसमें बम था और उन लोगों ने उसे ये थैला घर ले जाने के लिए कहा व किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस को दी जानकारी में बताया कि जिन लोगों ने उसे यह बम दिया था वह आज सुबह उससे बम ले गए जिसके बाद उसने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही बम स्क्वाड दल बल सहित मौके पर पहुंची और पूरे स्टेशन को खंगाला डाला। खतरे को भांपते हुए बम स्क्वाड के साथ खोजी कुत्तों को भी सर्च अभियान में शामिल किया गया। छावनी बने अंबाला के रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने पार्किंग , प्लेटफार्म और हर संभावित जगह को खंगालना शुरू किया। एस.पी. रेलवे मनीषा चौधरी की माने तो जो जानकारी उन्हें दी गई वह खतरनाक थी जिसे देखते हुए सभी जगह सर्च ओपरेशन करवाया गया है और अभी आगे भी जारी है। एस.पी. रेलवे ने भी इस बात की पुष्टि की कि रिंकू नाम के युवक को कुछ लोग मिले थे जिन्होंने उसे एक बैग रखने को कहा था जिसमे एक्सप्लोसिव होने की आशंका पर उन्हें सूचना दी जिसके बाद उन्होंने अंबाला सहित पंजाब में भी अलर्ट जारी कर दिया।
गुरदासपुर में हुए आतंकी हमले के बाद अंबाला पुलिस को मिली सूचना को पुलिस किसी भी सूरत में नजरअंदाज नहीं करना चाहती। हालांकि रिंकू द्वारा बताए गए समय पर धमाके नहीं हुए लेकिन पुलिस फिर भी इस मामले में गंभीरता से काम कर रही है और युवक से पूछताछ करके मामले की तय तक जाने की कोशिश कर रही है।