पंचकूला - हरियाणा को निवेश के लिए एक आकर्षक स्थान के तौर पर पेश करने और कारोबारियों के साथ रिश्तों को मजबूत करने के लक्ष्य के तहत राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल अमेरिका और कनाडा में एक प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई करेंगे और व्यापारिक नेताओं एवं प्रवासियों के साथ बैठकें करेंगे। मनोहर लाल 16 से 25 अगस्त की यात्रा के दौरान अमेरिका में, वॉशिंगटन, सैन फ्रांसिस्को की यात्रा करेंगे जबकि कनाडा में टोरंटो और वैंकूवर जाएंगे।
इस दौरान वह कारोबारियों के साथ बैठक करेंगे और प्रवासियों के साथ बातचीत करेंगे। राज्य के जनसंपर्क और सांस्कृतिक मामलो के विभाग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, इस यात्रा का मकसद हरियाणा को विभिन्न प्रतिस्पर्धात्मक लाभों के साथ उसे निवेश के स्थान के रूप में पेश करना है। निवेश बढ़ाने के लिए प्रमुख क्षेत्रों में उर्जा, अंतरिक्ष-रक्षा विनिर्माण, आईटी, फार्मा, खाद्य प्रसंस्करण, ऑटो, टेक्स्टाइल, शिक्षा, चिकित्सा पर्यटन और शोध एवं विकास शामिल हैं। यह प्रतिनिधिमंडल ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों का दौरा करने के अलावा इन क्षेत्र की महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भी दौरा करेगा।