फतेहाबाद - एक युवक ने बीमे की रकम हासिल करने के लिये कथित तौर पर अपने पिता को भूथन कलां के निकट कार से कुचल-कुचल कर मार डाला। कुलदीप (23) ने दो बीमा एजेंटों की मिलीभगत से इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने कुलदीप को तो गिरफ्तार कर लिया है, जबकि राजेंद्र और दो बीमा एजेंटों पाला राम और खान की तलाश जारी है। आरोप है कि इन एजेंटों ने कुलदीप के साथ मिलीभगत कर उसके पिता ओमकार (50) को 70 लाख रुपये की पालिसी अपनी जेब से प्रीमियम भर कर जारी की थी, कि वह क्लेम की 70 फीसदी राशि खुद लेंगे जबकि 30 प्रतिशत उसे दिया जायेगा।
उल्लेखनीय है कि गांव भूथन कलां के पास गत 27 जुलाई को संदिग्ध हालात में ओमकार पुत्र पोखर सिंह का शव मिला था। इस मामले में पुलिस ने कुलदीप की शिकायत पर हिट एंड रन का मामला दर्ज किया था। इस मामले में अब पुलिस ने मृतक के लडक़े कुलदीप व बीमा पॉलिसी एजेंट के खिलाफ हत्या के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। 26 जुलाई की रात को राजेन्द्र ओमकार को साथ लेकर अपने खेत में लगे ट्यूबवैल पर गया और वहां उन्होंने ओमकार को खूब शराब पिलाई। शराब पिलाने के बाद ओमकार का लडक़ा कुलदीप अपने पड़ोसी की आल्टो कार लेकर वहां पहुंच गया। कुलदीप व राजेन्द्र ने ओमकार को बेहोशी की हालत में सडक़ पर लेटा दिया और उसके ऊपर गाड़ी चढ़ा दी।
इस बात का खुलासा तब हुआ जब आल्टो कार के मालिक ने पुलिस को बताया कि उसकी गाड़ी के नीचे खून लगा हुआ है। पुलिस ने खून का सैम्पल लेकर उसका मिलान मृतक ओमकार के खून से किया तो दोनों मेल खा गए। गाड़ी मालिक ने पुलिस को बताया कि 26 जुलाई की रात को ओमकार का लडक़ा उसकी गाड़ी मांग कर ले गया था। संभवत: इसके बाद उसने वारदात को अंजाम दिया।