चंडीगढ़ - हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में 64 करोड़ रुपए की लागत से उपकरण और मशीनें खरीदी जाएंगी। अगस्त माह तक प्रदेश के हर अस्पताल में डाक्टरों की नियुक्ति भी कर दी जाएगी। 761 डाक्टर और 100 डेंटल सर्जन की भर्ती प्रक्रिया जारी है। उक्त जानकारी स्वास्थ्य मंत्री ने फतेहाबाद में दी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार अग्रोहा मेडिकल कालेज में ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने पर विचार कर रही है और एक ट्रॉमा सेंटर दिल्ली व पानीपत के बीच खोला जाएगा।
उन्होंने कहा कि पूर्व सरकारों में बनाए गए ट्रॉमा सेंटर सिर्फ इमारतों के रूप में खड़े हैं। उनमें किस प्रकार के उपकरणों की जरूरत है इसके लिए संबंधित सीएमओ को विस्तृत रिपोर्ट भेजने को कहा है। इसके बाद इन ट्रॉमा सेंटरों में और अधिक सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएगी। घटते लिंगानुपात पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि सरकार इस मामले में गंभीर है और स्वास्थ्य विभाग भी इस पर काम कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई की जल्द ही लिंगानुपात में सुधार आएगा।