चंडीगढ़, 15 जनवरी- हरियाणा पुलिस ने रोहतक जिला के गांव खरावड़ बाईपास के समीप एक होटल में छापा मारकर देह व्यापार का भंडाफोड़ कर होटल मैनेजर समेत तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। साथ ही पुलिस ने होटल मालिक के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की है। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपियों को जेल भेज दिया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए हरियाणा पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि देर रात पुलिस को सूचना मिली कि गांव खरावड़ के पास मंदिर के नजदीक एक होटल में देह व्यापार का धंधा चल रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस होटल पहुंची और कमरों की तलाशी ली। इस दौरान पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया। वहां पर एक महिला भी मिली। पूछताछ के दौरान ने महिला ने बताया कि संदीप नाम का युवक उससे अनैतिक कार्य करवाता था। पुलिस ने महिला को गवाह बनाते हुए होटल मैनेजर जयकिशन समेत तीनों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों की पहचान गांव खरावड़ निवासी राजेश, सज्जन उर्फ संजय के रुप में हुई। साथ ही पुलिस ने होटल मालिक लीलू व संदीप के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। जो प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही फरार है। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपियों को जेल भेज दिया।