अम्बाला - शुक्रवार देर शाम अम्बाला छावनी के गोलचक्कर पर एक बोलेरो गाड़ी ने सडक़ पर चल रहे तीन लोगों को कुचल दिया जिनमें एक महिला की मौत हो गई जबकि दो अन्य अम्बाला छावनी के सिविल अस्पताल में दाखिल हैं। घायलों में 7 साल का बच्चा हरिओम भी है जो मृतका नीशा देवी का बेटा है। जानकारी के अनुसार अम्बाला छावनी के ही रामकिशन कालोनी का फारुख विजय रतन चौक की ओर से रेस्ट हाउस की ओर बोलेरो गाड़ी लेकर जा रहा था।
जैसे ही वह मुख्य मार्ग पर मुडऩे लगा तो उससे पहले उसने वहां से गुजर रहे तीन लोगों को कुचल दिया। ये तीनों पैदल जा रहे थे। निशा जोकि अम्बाला छावनी के मच्छी मोहल्ले की रहने वाली है अपने बेटे हरिओम के साथ बाजार से खरीददारी कर निकली थी। इसके अलावा एक अन्य यात्री रमन भी इस वाहन की चपेट में आ गया। पता चला है कि इन तीनों को टक्कर मारने के बाद वाहन चालक ने अपनी गाड़ी को जब तेज गति से मुख्य मार्ग की ओर घुमाया तो वह वाहन भी वहीं पर पलट गया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई। तीनों घायलों को अम्बाला छावनी के सिविल अस्पताल में ले जाया गया जहां डाक्टरों ने निशा को मृत घोषित कर दिया। वाहन चालक अभी पुलिस की गिरफ्तर से बाहर है।