पंचकूला - हरियाणा के सरकारी स्कूलों में पिछले लगभग 7 महीनों से धूल फांक रहे कंप्यूटरों की धूल अब हटेगी। बंद पड़े ये कंप्यूटर फिर से स्टार्ट होंगे और विद्यार्थियों के लिए कंप्यूटर शिक्षा फिर से शुरू होगी। 195 दिनों से पंचकूला स्थित शिक्षा सदन के बाहर धरने पर बैठे कंप्यूटर शिक्षकों व राज्य सरकार के बीच सुलह हो गई है। प्रदेश सरकार इन कंप्यूटर शिक्षकों की नौकरी को बहाल करने के लिए तैयार हो गई है। इसके लिए राज्य सरकार ने 2 सप्ताह का समय मांगा है।
शुक्रवार को समझौता वार्ता सिरे चढऩे के बाद कंप्यूटर शिक्षकों ने अपना आमरण अनशन समाप्त कर दिया लेकिन उनका धरना जारी रहेगा। कंप्यूटर शिक्षकों का कहना है कि जब तक उन्हें फिर से ज्वॉइन नहीं करवा दिया जाता, वे धरना समाप्त नहीं करेंगे। इस बीच आमरण अनशन पर बैठे कंप्यूटर शिक्षकों के बीच पहुंचे सीएम मनोहर लाल खट्टर के ओएसडी जवाहर यादव ने अनशनकारी शिक्षकों को जूस पिलाकर उनका अनशन तुड़वाया। जवाहर यादव और कंप्यूटर शिक्षकों के बीच पिछले कई दिनों से बातचीत का दौर जारी था।
हालांकि बातचीत तो आंदोलन वाले दिन से ही चल रही थी लेकिन कोई रास्ता नहीं निकल पा रहा था। बृहस्पतिवार की रात जवाहर यादव की कोठी पर कंप्यूटर शिक्षकों व सरकार के बीच हुई वार्ता सिरे चढ़ गई थी। इस बैठक में यह तय हुआ था कि शुक्रवार तक सरकार की ओर से कंप्यूटर शिक्षकों की ज्वाइनिंग को लेकर निर्णायक फैसला लिया जाएगा और इसके बाद कंप्यूटर शिक्षक आमरण अनशन समाप्त कर देंगे। तय बातचीत के अनुसार यादव दोपहर बाद शाम को करीब 4 बजे अनशन कर रहे शिक्षकों के बीच पहुंचे। उन्होंने सरकार का संदेश शिक्षकों को दिया और इसके बाद शिक्षकों के बीच 10 मिनट तक बैठक हुई। इस बैठक के बाद फिर से ओएसडी जवाहर यादव के साथ वार्ता हुई और इसमें आमरण अनशन समाप्त करने का फैसला हुआ। इस निर्णय पर शिक्षकों ने खुशी जाहिर की है।