पंचकूला - हरियाणा के जिला अंबाला-पंचकूला कमिश्नरेट में जुलाई से शुरू किए गए आपरेशन मुस्कान के तहत 400 से अधिक गुमशुदा व लावारिस बच्चों को उनके परिजनों से मिलवाया जा चुका है। इस संबंध में जानकारी देते हुए अंबाला-पंचकूला के पुलिस कमिश्नर ओपी सिंह ने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई और इन टीमों ने जिला बाल कल्याण समिति के साथ मिलकर कुल 427 लावारिश व गुमशुदा बच्चों को तलाश कर उनके परिजनों को सौंपा है।
उन्होंने बताया कि अंबाला शहर में आपरेशन मुस्कान के तहत 126 लावारिश व गुमशुदा बच्चों को जिला बाल कल्याण समिति के सम्मुख प्रस्तुत किया गया, जिनमें 23 होम शेल्टर, 103 बच्चों को उनके माता-पिता को सौंपा गया। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार अंबाला ग्रामीण में 123 लावारिस व गुमशुदा बच्चों को जिला बाल कल्याण समिति के सम्मुख प्रस्तुत किया गयाए जिनमें 2 होम शैल्टर, 121 बच्चों को उनके माता-पिता को सौंपा गया। वहीं पंचकूला में 178 लावारिस व गुमशुदा बच्चों को जिला बाल कल्याण समिति के सम्मुख प्रस्तुत किया गया, जिनमें 32 होम शेल्टर, 146 बच्चों को उनके माता-पिता को सौंपा गया।